विक्की कौशल बने मराठा योद्धा, फिल्म ‘छावा’ के लिए बढ़ाया 25 किलो वजन, 7 महीने तक की कड़ी मेहनत
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल अपनी आगामी फिल्म ‘छावा’ के प्रमोशन के सिलसिले में हाल ही में जयपुर पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने अपने किरदार और लुक को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए। विक्की कौशल ने बताया कि इस फिल्म में छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभाने के लिए उन्होंने 25 किलो वजन बढ़ाया और अपनी बॉडी पर लगातार 7 महीने तक मेहनत की।
विक्की ने जयपुरवासियों का दिल जीतते हुए ‘खम्मा घणी जयपुर’ के साथ अपने प्रमोशन का आगाज किया। उन्होंने कहा, “जयपुर आकर जो जोश मिलता है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मेरी हर नई फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत यहीं से होती है।”
शेर जैसा दिखने के लिए की 7 महीने की कड़ी मेहनत

विक्की ने बताया, “जब मुझे ये फिल्म ऑफर हुई तो मैं घबरा गया था क्योंकि डायरेक्टर ने कहा कि मुझे फिल्म में शेर की तरह दिखना है। मैंने संभाजी महाराज की तस्वीरें देखीं और महसूस किया कि ये काम आसान नहीं होगा। लेकिन मैंने इसे चुनौती के रूप में लिया।”
उन्होंने आगे कहा, “7 महीने तक बॉडी पर काम किया और 25 किलो वजन बढ़ाया। इसके अलावा घुड़सवारी की ट्रेनिंग ली। फिल्म की शूटिंग भी 7 महीने तक चली। टीम ने स्क्रिप्ट पर लगभग ढाई साल रिसर्च की थी। यह फिल्म मराठा इतिहास पर आधारित है और इसकी तैयारी चार साल पहले ही शुरू हो गई थी।”
मराठा इतिहास पर विक्की कौशल की राय

मराठा इतिहास पर बात करते हुए विक्की ने कहा, “मैं महाराष्ट्र से हूं और बचपन से मराठा इतिहास के बारे में पढ़ता आया हूं। छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन उनके बेटे संभाजी महाराज भी महान योद्धा थे। उनका किरदार निभाना मेरे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था।” बता दे, लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्की कौशल के साथ रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘छावा’ 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

