छावा रिलीज से पहले घृष्णेश्वर मंदिर पहुंचे विक्की कौशल, भोलेनाथ की भक्ति में डूबा वीडियो हुआ वायरल
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘छावा’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लेने के लिए उन्होंने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन किए। घृष्णेश्वर मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यहां विक्की कौशल ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया।
विक्की कौशल के दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें मंदिर के पुजारियों के मार्गदर्शन में पूजा करते देखा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने मरून रंग का कुर्ता और सफेद पायजामा पहन रखा था। गर्भगृह में प्रवेश करते समय उन्होंने अंगवस्त्र भी धारण किया और माथे पर पीले रंग का त्रिपुंड लगाया।
रश्मिका मंदाना के साथ निभाएंगे अहम भूमिका

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्की कौशल के साथ रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में विक्की कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रश्मिका मंदाना महारानी येसुबाई के किरदार में दिखाई देंगी।
एआर रहमान के संगीत ने बढ़ाया उत्साह

फिल्म का दूसरा गाना ‘आया रे तूफान’ हाल ही में लॉन्च किया गया। इस गाने को एआर रहमान ने न सिर्फ कंपोज किया है, बल्कि अपनी आवाज भी दी है। गाने के लॉन्च के मौके पर विक्की कौशल ने कहा, “यह गाना हमारे लिए केवल एक गीत नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। एआर रहमान सर की मंत्रमुग्ध कर देने वाली रचना ने इसे बेमिसाल बना दिया है।”
फिल्म ‘छावा’ 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसमें विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना के साथ अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। दर्शकों के बीच इस ऐतिहासिक फिल्म को लेकर खासा उत्साह है।

