VIDEO: 42 गेंदों में शतक और फिर झगड़ा, बीच मैदान में भिड़े दिग्वेश राठी-नीतीश राणा, मारपीट की नौबत!

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में शनिवार को वेस्ट दिल्ली लायंस के कप्तान नीतीश राणा ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से धमाल मचा दिया।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के खिलाफ राणा ने महज 42 गेंदों में शतक जड़ते हुए अपनी टीम को क्वालिफायर-2 में पहुंचा दिया। राणा ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि एक विवादास्पद घटना के चलते मैदान पर भी सुर्खियां बटोरीं।

राणा की पारी: सिर्फ 55 गेंदों में 134 रन, 15 छक्के!

अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस के कप्तान नीतीश राणा पारी के अंत तक नाबाद 134 रन बनाकर लौटे।

उन्होंने 55 गेंदों की अपनी पारी में 8 चौके और 15 छक्के जड़े। उनके अलावा क्रिस यादव ने 31 और मयंक गोसाईं ने 15 रन बनाए। वेस्ट दिल्ली ने यह मुकाबला 17 गेंद शेष रहते 7 विकेट से जीत लिया।

इससे पहले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 201/5 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ओपनर अनमोल शर्मा (55 रन), तेजस्वी दहिया (60 रन), और सुमित माथुर (नाबाद 48) ने उपयोगी योगदान दिया। वेस्ट दिल्ली के लिए ऋतिक शौकिन ने 2 विकेट चटकाए।

मैदान पर भिड़े नीतीश राणा और दिग्वेश राठी, बढ़ी तनाव की स्थिति

मैच के दौरान एक तनावपूर्ण वाकया तब सामने आया जब राणा ने राठी के ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े। गुस्से में आए राठी ने अगली गेंद पर राणा को कुछ कहा, जिस पर दोनों खिलाड़ियों में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई।

राणा ने गुस्से में बल्ला उठाकर जवाब देने की कोशिश की, जिससे मामला और बिगड़ गया।

स्थिति तब काबू में आई जब अंपायर और अन्य खिलाड़ियों ने बीच में आकर बीच-बचाव किया। राठी की गेंदबाजी बेहद खराब रही — उन्होंने अपने दो ओवर में 39 रन लुटाए और उन्हें आगे गेंदबाजी का मौका नहीं मिला।

Also Read: Asia Cup 2025: BCCI का नया ट्रैवल प्लान, खिलाड़ियों को मिलेगी अतिरिक्त राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.