VIDEO: हार बर्दाश्त नहीं कर पाए पाक कप्तान सलमान आगा, सबके सामने फेंका रनर-अप चेक
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत से हार के बाद पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान आगा अपना आपा खो बैठे।
मैदान पर मिली शिकस्त को वे पचा नहीं पाए और पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान उन्हें मिला रनर-अप चेक मंच पर ही फेंक दिया।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिस पर पाक कप्तान की काफी आलोचना हो रही है।
रनर-अप चेक फेंकने की घटना ने मचाया बवाल
मैच के बाद जब सलमान आगा को एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रतिनिधि अमीनुल इस्लाम द्वारा रनर-अप चेक सौंपा गया, तो उन्होंने पहले चेक लिया और फिर दर्शकों के सामने ही उसे जमीन पर फेंक दिया।
इस पर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने हूटिंग शुरू कर दी। क्रिकेट के मंच पर इस तरह का बर्ताव असामान्य और अस्वीकार्य माना जा रहा है।

सलमान आगा की प्रतिक्रिया
हार के बाद अपनी प्रतिक्रिया में पाक कप्तान सलमान आगा ने कहा,
“यह हार अभी पचाना कठिन है। मुझे लगता है कि हमने गेंदबाजी में अच्छा किया, लेकिन बल्लेबाजी में हम पूरी तरह विफल रहे।
यही कारण रहा कि हम वह स्कोर खड़ा नहीं कर पाए जो जरूरी था।”
भारत की जीत और ट्रॉफी विवाद

भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार एशिया कप खिताब जीता। हालांकि, मैच के बाद ट्रॉफी वितरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया।
जब भारतीय टीम ने एसीसी प्रमुख और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“हमने मैदान पर यह फैसला लिया था। किसी ने हमें ऐसा करने को नहीं कहा। हमारे लिए हमारे खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ ही असली ट्रॉफी हैं।”
उन्होंने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“मैच खत्म होने के बाद सिर्फ चैंपियंस को याद रखा जाता है, ट्रॉफी को नहीं।”
ट्रॉफी नहीं दी गई, बीसीसीआई करेगा कड़ा विरोध

भारतीय टीम द्वारा ट्रॉफी लेने से इनकार करने के बाद आयोजकों ने चैंपियन टीम को ट्रॉफी प्रदान नहीं की।
इस पर बीसीसीआई ने कड़ी आपत्ति जताई है और नवंबर में दुबई में होने वाली ICC की बैठक में औपचारिक विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया है।
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने कहा,
“हम उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकते जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़ रहा हो। यह अप्रत्याशित और बचकाना कदम था कि ट्रॉफी और पदक को आयोजनकर्ता अपने होटल ले गए।”
सैकिया ने साफ कहा कि यह मुद्दा सिर्फ क्रिकेट का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गरिमा से जुड़ा है, और इसे वैश्विक मंच पर उठाया जाएगा।
पृष्ठभूमि में छाया रहा तनाव
भारत-पाक के बीच एशिया कप मुकाबलों के दौरान पूरे टूर्नामेंट में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत सरकार के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि में राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव बना रहा।
यही वजह थी कि टूर्नामेंट के तीनों भारत-पाक मुकाबलों के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से पारंपरिक हाथ मिलाने की औपचारिकता भी नहीं निभाई।

