विजय देवरकोंडा और रश्मिका ने PM मोदी को दिया रिसेप्शन का न्योता
Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी को उदयपुर में बेहद निजी और भव्य समारोह में शादी की। तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों से हुई इस शादी के बाद, यह नवविवाहित जोड़ा शुक्रवार को दिल्ली पहुंचा। यहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें 4 मार्च को हैदराबाद में होने वाले अपने ग्रैंड रिसेप्शन के लिए आमंत्रित किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में विजय और रश्मिका पारंपरिक लिबास में बेहद खूबसूरत लग रहे हैं। कपल ने प्रधानमंत्री को सम्मान के तौर पर शॉल भेंट की और रिसेप्शन का कार्ड सौंपा। इससे पहले इस जोड़े ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर उन्हें न्योता दिया था।
इस मुलाकात से पहले ही प्रधानमंत्री मोदी ने विजय के माता-पिता को एक बेहद सुंदर शुभकामना पत्र भेजा था, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा, विजय और रश्मिका पर्दे पर जादू करना बखूबी जानते हैं, लेकिन असल जिंदगी का यह नया अध्याय, जो प्यार और भरोसे पर टिका है, सिल्वर स्क्रीन के जादू से भी कहीं ज्यादा चमकेगा। सात फेरे लेने का मतलब है जीवन भर के लिए पक्का दोस्त बन जाना। पीएम ने जोड़े को सलाह देते हुए आगे लिखा कि वे एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समझें, कमियों को अपनाएं और खूबियों से सीखकर एक सच्चे साझेदार की तरह जीवन की यात्रा पूरी करें।
4 मार्च को हैदराबाद में सजेगी महफ़िल
उदयपुर में परिवार और करीबी दोस्तों के बीच शादी करने के बाद अब 4 मार्च को हैदराबाद में एक बड़ी दावत (रिसेप्शन) रखी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस समारोह में राजनीति से लेकर फिल्मी जगत की कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी।
Also Read: फर्जीवाड़े के आरोपों में उलझा दिग्विजय सिंह की जमीन का मामला, अब ASP और CO करेंगे जांच

