Vijay Hazare Trophy 2025-26: 15 साल बाद कोहली, 7 साल बाद रोहित की वापसी, क्या कहते हैं आंकड़े?

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की घरेलू वनडे प्रतियोगिता विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की शुरुआत 24 दिसंबर से होने जा रही है।

इस बार टूर्नामेंट को लेकर खास उत्साह है, क्योंकि लंबे अंतराल के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर इस घरेलू टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे।

रोहित शर्मा जहां सात साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी कर रहे हैं, वहीं विराट कोहली करीब 15 साल बाद इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

ऐसे में दोनों दिग्गजों के विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक के प्रदर्शन पर सबकी नजर है।

Vijay Hazare Trophy 2025-26

विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक 18 मुकाबले खेले हैं। इन मैचों की 17 पारियों में उन्होंने 581 रन बनाए हैं।

रोहित का औसत 38.7 रहा है, जबकि इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। रोहित आखिरी बार 2018 में इस टूर्नामेंट में खेले थे।

विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली का प्रदर्शन

विराट कोहली का विजय हजारे ट्रॉफी में रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक खेले 13 मैचों में 819 रन बनाए हैं। विराट का औसत 68.25 और स्ट्राइक रेट 106.08 रहा है।

इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। विराट कोहली ने आखिरी बार 2009-10 सत्र में यह टूर्नामेंट खेला था।

किसकी कप्तानी में खेलेंगे रोहित और विराट?

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए विराट कोहली का चयन दिल्ली की टीम में हुआ है, जहां वह ऋषभ पंत की कप्तानी में खेलेंगे।

वहीं, रोहित शर्मा मुंबई टीम का हिस्सा हैं, जिसकी कप्तानी शार्दुल ठाकुर करेंगे।

हालांकि, दोनों दिग्गज पूरे टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे। रोहित शर्मा को मुंबई टीम में सिर्फ दो मुकाबलों के लिए चुना गया है, जबकि विराट कोहली के भी तीन से अधिक मैच खेलने की संभावना नहीं है।

टूर्नामेंट का आगाज

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली की टीम अपने अभियान की शुरुआत आंध्र प्रदेश के खिलाफ करेगी, जबकि मुंबई की टीम सिक्किम के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।

लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट में रोहित और विराट की मौजूदगी से टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।

Also Read: Asia Cup Final के बाद विवाद, भारतीय टीम ने ACC चेयरमैन से मेडल लेने से किया मना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.