विक्रम भट्ट पर 30 करोड़ के बाद अब 13.5 करोड़ की धोखाधड़ी का नया केस, बेटी कृष्णा भट्ट पर भी FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के जाने-माने प्रोड्यूसर और डायरेक्टर विक्रम भट्ट के खिलाफ मुंबई में ठगी का एक और नया मामला सामने आया है। पहले से ही उदयपुर जेल में सलाखों के पीछे दिन काट रहे विक्रम भट्ट और उनकी बेटी कृष्णा भट्ट के खिलाफ वर्सोवा पुलिस स्टेशन में 13.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दी गई है।
ताजा शिकायत एक बिजनेसमैन ने दर्ज कराई है। आरोप है कि विक्रम भट्ट और उनकी बेटी कृष्णा ने फिल्मों में निवेश (Investment) के नाम पर उनसे 13.5 करोड़ रुपये लिए थे। बिजनेसमैन को मोटा मुनाफा और अच्छा रिटर्न देने का वादा किया गया था, लेकिन न तो उन्हें रिटर्न मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई। जब पैसे वापस मांगने पर बात नहीं बनी, तो पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
उदयपुर जेल में पहले से बंद है भट्ट दंपति
बता दें कि विक्रम भट्ट अपनी पत्नी के साथ पहले से ही 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के एक मामले में उदयपुर जेल में बंद हैं। यह केस इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के संस्थापक डॉ. अजय मुर्डिया ने दर्ज कराया था। अजय मुर्डिया अपनी पत्नी इंदिरा पर बायोपिक और 4 अन्य फिल्में बनवाना चाहते थे। इसके लिए विक्रम भट्ट को करीब 44.29 करोड़ रुपये दिए गए थे।
आरोप है कि कुछ फिल्मों की शूटिंग तो शुरू हुई, लेकिन बाकी का काम अधर में लटक गया। जब मुर्डिया ने अपने पैसे वापस मांगे, तो विक्रम भट्ट टालमटोल करने लगे, जिसके बाद उन्हें दिसंबर की शुरुआत में गिरफ्तार कर लिया गया था।
Also Read: अब Sourav Ganguly पर बनाने वाली है नई बायोपिक, ये कलाकार निभाएगा किरदार

