महोबा में सैकड़ों की संख्या में संदिग्धों को बसाने का मामला आया सामने, ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान कर देने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ सैकड़ों की संख्या में बाहरी संदिग्ध लोगों को अवैधानिक तरीके से बसाने और उन्हें निवास प्रमाण पत्र जारी किए जाने का एक बड़ा षड्यंत्र सामने आया है, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र के बेलाताल गाँव में पिछले कुछ दिनों में लगभग 400 प्रवासियों की एक नई बस्ती बस गई थी, जिनकी संदिग्ध गतिविधियों से चिंतित ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से शिकायत की थी। विश्व हिंदू परिषद समेत विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया। संगठन मंत्री मयंक तिवारी ने चिंता व्यक्त करते हुए ज्ञापन सौंपा कि बेलाताल में आकर बसे इन बाहरी संदिग्ध लोगों की भाषा और बोलचाल बांग्लादेशी या रोहिंग्या जैसी प्रतीत होती है। जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रवासियों के विषय में सघन पड़ताल शुरू कराई है।
लेखपाल की भूमिका संदिग्ध
प्रशासनिक जाँच में बड़ा खुलासा हुआ है कि हाल के दिनों में ही इन प्रवासियों को स्थानीय निवासी बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से निवास प्रमाण पत्र निर्गत किए जा रहे थे और ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज किए जाने का षड्यंत्र चल रहा था। इस मामले में निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन न करने पर ग्राम पंचायत के सचिव आमिर खान को जिला पंचायत राज अधिकारी चंद्र प्रकाश वर्मा ने शनिवार को निलंबित कर दिया है।
राजस्व विभाग के लेखपाल राम बाबू सिंह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है और उनकी सघन पड़ताल शुरू कर दी गई है। उप जिलाधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि करीब दो महीने पहले तत्कालीन जिलाधिकारी अनुराग प्रसाद के हस्ताक्षरों से निर्गत निवास प्रमाण पत्रों के आवेदनों की रिपोर्ट लेखपाल राम बाबू द्वारा दिए जाने की बात सामने आई है। आवश्यक अभिलेखों के बगैर स्वीकृत कराए गए सभी आवेदनों का अब पुनरीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस को दिखाए गए 2008 के प्रमाण पत्र
बेलाताल पुलिस चौकी के इंचार्ज सुजीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस की जाँच में बस्ती के लोगों ने वर्ष 2008 में निर्गत अपने आय, जाति, और निवास के प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए हैं, जिन्हें लखनऊ के तहसीलदार मजिस्ट्रेट कार्यालय से जारी किया गया था। इन प्रमाण पत्रों में इन्हें नट बिरादरी का बताया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जाँच में जुटी है।
Also Read: Jhansi News: सराफा कारोबारी के बेटे की शर्मनाक हरकत, रिसेप्शनिस्ट को जबरन गले लगाया और किया Kiss

