Basti News: हफ्तेभर से अंधेरे में ग्रामीण, ऊर्जा मंत्री से लोगों ने पूछा- मंत्री जी, कब बदलेगा ट्रांसफार्मर
Basti News: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बिजली विभाग की लचर व्यवस्था और भ्रष्टाचार का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार मचा है, वहीं ट्रांसफार्मर और लाइन फॉल्ट की समस्याएं ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बन चुकी हैं। ताजा मामला बस्ती जनपद के कप्तानगंज उपकेंद्र के अंतर्गत दुबौला-हरदी फीडर से जुड़े बेलघाट गांव का है, जहां पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर से लेकर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, यूपीपीसीएल (UPPCL) और खुद सूबे के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के ‘एक्स’ (ट्विटर) हैंडल पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। हर बार ‘जल्द निस्तारण’ का सिर्फ खोखला आश्वासन ही मिलता है, धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

चंदा जुटाने के बाद भी नहीं मिली राहत
बेलघाट गांव में बीते दिनों आई आंधी और बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर जल गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत स्थानीय संविदा बिजली कर्मियों से की, तो ट्रांसफार्मर बदलने के एवज में रुपयों की मांग की गई। परेशान ग्रामीणों ने आपस में चंदा इकट्ठा करके पैसे भी जुटा लिए, इसके बावजूद विभाग नया ट्रांसफार्मर लगाने में आनाकानी कर रहा है।
परेशान ग्रामीणों का दर्द: चिलचिलाती गर्मी और उमस के बीच बिना बिजली के जिंदगी नरक बन गई है। जब सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति के बड़े-बड़े दावे करते हैं, तो बिना बिजली के रातें काट रहे हम जैसे लाचार लोगों को यह किसी क्रूर मजाक जैसा लगता है।

