राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विनय कटियार का यू-टर्न, चंपत राय के जेल जाने वाले बयान से किया इनकार

Vinay Katiyar On Champat Rai: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में पूर्व भाजपा सांसद विनय कटियार का बयान अचानक सुर्खियों में आ गया। शुक्रवार को दिल्ली में उन्होंने कहा था कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए मिले दान में हेराफेरी हुई है और इस मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा को आने वाले दिनों में जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि इस विषय पर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत हुई है।

अयोध्या में बदला बयान

हालांकि कुछ ही घंटों बाद अयोध्या में मीडिया के सामने आए विनय कटियार ने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि चंपत राय या अन्य लोग जेल जाएंगे। उन्होंने कहा, “अगर वे अभी तक नहीं समझ पाए हैं तो सुधरें, नहीं तो जो होना होगा, वह होगा।” जेल जाने वाले बयान से मुकरते हुए कटियार ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का अपना काम है और वह अपना कार्य कर रहे होंगे, जबकि वह खुद अपना काम कर रहे हैं।

पीएम से बातचीत और हाशिए पर होने का सवाल

प्रधानमंत्री से लगातार बातचीत के सवाल पर कटियार ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। वहीं, खुद के हाशिए पर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें कोई हाशिए पर नहीं भेज सकता। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक स्थानों पर पैसे की हेराफेरी नहीं हो सकती, यह कहना गलत है।

SIT जांच को मिला और समय

विनय कटियार ने यह भी बताया कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही SIT को अपनी जांच पूरी करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। समय इसलिए बढ़ाया गया है ताकि जांच का दायरा बढ़ाकर हर पहलू की गहराई से जांच की जा सके। फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है और सभी की नजर SIT की रिपोर्ट पर टिकी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.