Siddharthnagar News: नवागत उपायुक्त विनोद कुमार वर्मा ने संभाला कार्यभार, बोले- काला नमक चावल के साथ अब नए उत्पादों से चमकेगा जिला

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नवागत जिला उद्योग उपायुक्त विनोद कुमार वर्मा ने आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं, जिससे जिले के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद ‘संदेश वाहक’ से खास बातचीत में विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र उद्यमी तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचाना है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।

सिद्धार्थनगर का विश्व प्रसिद्ध ‘काला नमक चावल’ पहले से ही ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना का हिस्सा है। नवागत उपायुक्त ने कहा कि काला नमक चावल ने जिले के किसानों और युवाओं को काफी लाभ पहुँचाया है, लेकिन अब उनकी योजना इस लिस्ट में कुछ और स्थानीय उत्पादों को जोड़ने की है। उनका विजन है कि सिद्धार्थनगर को ‘आकांक्षी जनपद’ की श्रेणी से निकालकर ‘विकसित जनपद’ बनाया जाए।

Siddharthnagar News: नवागत उपायुक्त विनोद कुमार वर्मा ने संभाला कार्यभार, बोले- काला नमक चावल के साथ अब नए उत्पादों से चमकेगा जिला

विनोद कुमार वर्मा ने जिले के प्रबुद्ध वर्ग और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी कार्यदिवस पर उनसे सीधे मिलकर अपने सुझाव साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा, अगर आपके पास जिले के उद्योगों को आगे ले जाने के लिए कोई बेहतर आईडिया है, तो उसे विभाग की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। सरकार की मंशा के अनुरूप ODOP के सपनों को साकार करना ही हमारी प्राथमिकता है।

बता दें कि विनोद कुमार वर्मा इससे पहले वाराणसी (बनारस) जनपद में सहायक जिला उद्योग उपायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बनारस जैसे बड़े औद्योगिक केंद्र का उनका अनुभव अब सिद्धार्थनगर के विकास में काम आएगा। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ बैठक की और लंबित फाइलों के जल्द निस्तारण के निर्देश भी दिए।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: सुप्रीम कोर्ट की राज्यों को दोटूक, मुफ्त की रेवड़ियां बांटने के बजाय रोजगार पर दें ध्यान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.