लंदन में दक्षिणपंथी मार्च में हिंसा, पुलिस से हुई झड़प में 26 अधिकारी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: ब्रिटिश एक्टिविस्ट टॉमी रॉबिन्सन के नेतृत्व में लंदन में आयोजित एक विशाल दक्षिणपंथी मार्च हिंसक हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा अधिकारियों के बीच हुई झड़प में 26 पुलिसकर्मी घायल हो गए और 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, झड़प तब शुरू हुई जब रॉबिन्सन के समर्थकों ने ‘स्टैंड अप टू रेसिज्म’ नाम के एक दूसरे विरोध प्रदर्शन की तरफ बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया हुआ था, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने का प्रयास किया।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि इस दौरान पुलिस अधिकारियों पर लात-घूंसे चलाए गए और बोतलों से भी हमला किया गया। चार पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सबसे बड़ा दक्षिणपंथी मार्च
अधिकारियों ने अनुमान लगाया है कि इस रैली में 1.10 लाख से 1.50 लाख लोग शामिल हुए थे, जो हाल के दिनों में ब्रिटेन में सबसे बड़ी दक्षिणपंथी सभाओं में से एक है। आयोजकों ने इसे ‘यूनाइट द किंगडम’ मार्च का नाम दिया और दावा किया कि इसमें इससे भी ज्यादा लोग थे। रॉबिन्सन, जिनका असली नाम स्टीफन याक्सली-लेनन है, खुद को ‘देशभक्त’ बताते हैं। उन्होंने इस प्रदर्शन को ‘सांस्कृतिक क्रांति’ का नाम दिया।
एलन मस्क ने भी किया समर्थन
इस कार्यक्रम को कई दक्षिणपंथी नेताओं और हस्तियों का समर्थन मिला। अरबपति एलन मस्क ने एक वीडियो संदेश के जरिए सभा को संबोधित किया और ब्रिटेन में राजनीतिक बदलाव की अपील की। उन्होंने दावा किया कि यहाँ के नागरिक अपनी अभिव्यक्ति की आजादी का इस्तेमाल करने से डरते हैं। इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए लंदन में 1,600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। फिलहाल, पुलिस हिंसा की जाँच कर रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।
Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, रनवे पर दौड़ते इंडिगो विमान को रोका गया

