जयपुर के चौमूं में मस्जिद के बाहर भड़की हिंसा, पुलिस पर पथराव

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान की राजधानी Jaipur से सटे ग्रामीण इलाके में हिंसा भड़कने की खबर सामने आई है। जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के चौमूं कस्बे में स्थित एक मस्जिद के बाहर पत्थर हटाने को लेकर बवाल हो गया। दावा किया जा रहा है कि पुलिस द्वारा रोके जाने पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

तड़के चार बजे शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार, 26 दिसंबर की सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। यह पाबंदी 24 घंटे के लिए लागू की गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह फैलने से रोका जा सके।

Jaipur

पुलिस की सख्ती के बाद पथराव

जानकारी के मुताबिक चौमूं तहसील के बस स्टैंड के पास एक मस्जिद के बाहर पत्थर लगा हुआ था। इस मुद्दे को लेकर पहले प्रशासन के साथ बातचीत हुई थी, जिसमें पत्थर हटाने पर सहमति बन गई थी। इसके बावजूद देर रात मस्जिद से जुड़े लोगों ने वहां रेलिंग लगाकर बाउंड्री का काम शुरू कर दिया। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस काम को रोकने की कोशिश की तो विरोध शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाई, जिसके बाद माहौल अचानक बिगड़ गया और पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते हंगामा बढ़ता चला गया और इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस एक्शन के बाद फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है और हालात काबू में बताए जा रहे हैं।

घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी

पुलिस और उग्र भीड़ के बीच हुए पथराव में करीब छह पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायल जवानों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

चौमूं बस स्टैंड पर हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हर चौक-चौराहे पर पुलिस का कड़ा पहरा है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। Chomu कस्बा फिलहाल छावनी में तब्दील नजर आ रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी जाएगी और हालात पर लगातार निगरानी की जा रही है।

 

Also Read: अमेरिका ने की ISIS ठिकानों पर एयर स्ट्राइक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.