नेपाल में हिंसा तेज, भारत-नेपाल रेल सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद

Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगने के बाद शुरू हुआ Gen-Z आंदोलन हिंसक रूप ले चुका है। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद मंगलवार (9 सितंबर, 2025) को प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस बीच सुरक्षा के मद्देनज़र भारत-नेपाल रेल सेवा को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।

जयनगर स्टेशन पर छाया सन्नाटा

निर्णय के बाद बिहार के मधुबनी स्थित जयनगर रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। दोनों देशों के बीच चलने वाली रैक को वहीं रोक दिया गया है। नेपाली स्टेशन अधीक्षक श्रवण मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह की ट्रेन गई थी लेकिन वापस आने के बाद आगे की सेवाएं रोक दी गईं।

रेलवे सेवा बंद होने की जानकारी मिलते ही नेपाली यात्रियों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। कई लोग स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते नज़र आए, लेकिन उन्हें मायूस होना पड़ा।

कोई समयसीमा तय नहीं

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन से जानकारी अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि सेवा बहाल करने की कोई समयसीमा तय नहीं है। नेपाल में सोमवार (8 सितंबर) से शुरू हुआ Gen-Z आंदोलन मंगलवार को और उग्र हो गया। इस दौरान अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है और आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हैं। हालात को देखते हुए नेपाल आर्मी और स्थानीय प्रशासन सतर्क है, वहीं भारत ने भी बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

Also Read: शिक्षा सिर्फ अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद की बुनियाद है: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.