पेरू में हिंसा ने लिया विकराल रूप, राष्ट्रपति ने लगाया 30 दिन का आपातकाल !
Sandesh Wahak Digital Desk: पेरू की राजधानी लीमा में हिंसा ने भयावह रूप ले लिया है, जिसके चलते राष्ट्रपति डीना बोलुआर्टे ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। यह कदम तब उठाया गया जब एक लोकप्रिय गायक की हत्या के बाद व्यापक स्तर पर हिंसा भड़क गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए सरकार ने सेना को भी तैनात कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके।
30 दिनों तक रहेगा आपातकाल
राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह आपातकाल 30 दिनों तक लागू रहेगा। इस दौरान सभाओं, प्रदर्शनों और आंदोलनों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, पुलिस और सेना को विशेष अधिकार दिए गए हैं, जिसके तहत वे बिना न्यायिक आदेश के भी संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले सकते हैं। यह कदम हिंसा की बढ़ती घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अपराध बढ़ने से चिंतित सरकार
पेरू में हाल के महीनों में अपराध की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 16 मार्च तक कुल 459 हत्या के मामले दर्ज किए गए, जबकि अकेले जनवरी महीने में 1,909 जबरन वसूली के मामले सामने आए। बढ़ते अपराध को देखते हुए सरकार पहले भी सितंबर और दिसंबर के बीच आपातकाल लगा चुकी है।
गायक की हत्या के बाद भड़की हिंसा
इस बार हिंसा की शुरुआत तब हुई जब लोकप्रिय बैंड ‘आर्मोनिया 10’ के प्रमुख गायक पॉल फ्लोरेस की रविवार को हत्या कर दी गई। उनकी हत्या के विरोध में राजधानी लीमा समेत कई शहरों में दंगे भड़क गए, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई। इस हिंसा में कई सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।
सेना की तैनाती, सुरक्षा कड़ी
सरकार ने हालात को काबू में लाने के लिए राजधानी में सेना की तैनाती कर दी है। सुरक्षा बलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करें और हिंसा को जल्द से जल्द नियंत्रित करें। बता दे, पेरू में बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आने वाले दिनों में और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
Also Read: Sunita Williams Landing: ऐतिहासिक लैंडिंग के साथ धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स, ISRO ने जताई खुशी

