नेपाल के बीरगंज में मस्जिद में तोड़फोड़ के बाद हिंसक झड़प, लगा कर्फ्यू

Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल (Nepal) के परसा जिले के बीरगंज शहर में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। मस्जिद में तोड़फोड़ के आरोपों के बाद दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। हालात बिगड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने बीरगंज के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है। बीरगंज में भड़के इस बवाल का असर भारत-नेपाल सीमा तक दिखाई देने लगा है और रक्सौल बॉर्डर से सटे इलाकों में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

सोशल मीडिया वीडियो से भड़का विवाद

नेपाल (Nepal) में साल 2025 के जेन-जी आंदोलन के दौरान हुए तख्तापलट के बाद अब 5 मार्च 2026 को आम चुनाव होने हैं। ऐसे समय में देश में सांप्रदायिक घटनाएं सामने आने लगी हैं। हाल ही में दक्षिणी धनुषा जिले में एक मस्जिद में तोड़फोड़ की घटना ने हालात को और तनावपूर्ण बना दिया। इसी घटना के बाद परसा जिले के प्रशासन ने सोमवार 5 जनवरी 2025 को भारत के रक्सौल बॉर्डर से लगे बीरगंज शहर के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया।

पूरा मामला तब सामने आया जब मस्जिद में तोड़फोड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद नेपाल के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रविवार 4 जनवरी 2025 को बीरगंज में विरोध प्रदर्शन किया और सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की। इस दौरान कई जगहों पर टायर जलाए गए। पुलिस के मुताबिक विवाद की जड़ टिकटॉक पर वायरल एक वीडियो बना, जिसमें दो मुस्लिम युवक हिंदुओं के बारे में गलत बातें करते हुए नजर आए। इस वीडियो से नाराज कुछ लोगों ने धनुषा जिले में एक मस्जिद में तोड़फोड़ की और आगजनी की।

शहर के बड़े हिस्से में कर्फ्यू

स्थिति को काबू में रखने के लिए बीरगंज शहर के कुछ इलाकों में किसी भी तरह के मेले, सार्वजनिक बैठकों, जुलूसों और विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगा दी गई है। यह आदेश सोमवार दोपहर 1 बजे से लागू किया गया है और अगली सूचना तक जारी रहेगा। कर्फ्यू की सीमा पूर्व में बस पार्क, पश्चिम में सिरसिया ब्रिज, उत्तर में पावर हाउस चौक और दक्षिण में शंकराचार्य गेट तक तय की गई है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जो भी व्यक्ति कर्फ्यू और प्रतिबंधित आदेशों का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक समूह को धनुषा के सखुवा मारन इलाके में स्थित एक मस्जिद में तोड़फोड़ करते हुए और कुरान की एक प्रति जलाते हुए देखा गया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

आईएएनएस के मुताबिक Nepal धनुषा जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख और सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस बिश्व राज खड़का ने बताया कि टिकटॉक वीडियो बनाने वाले दो मुस्लिम युवकों और मस्जिद में तोड़फोड़ करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। धनुषा जिला अदालत ने तीनों आरोपियों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

Also Read: IRCTC घोटाले में तेजस्वी यादव की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने CBI को भेजा नोटिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.