तड़के 4 बजे महाकाल के दरबार पहुंचे विराट कोहली, कुलदीप यादव के साथ भस्म आरती में हुए शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली शनिवार तड़के आध्यात्मिक नगरी उज्जैन (मध्य प्रदेश) पहुंचे, जहां उन्होंने टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी दिलीप के साथ श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म आरती में सहभागिता की।

विराट और कुलदीप सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान महाकाल के दर्शन किए।

करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर दर्शन-पूजन करने के दौरान मंदिर के पुजारियों ने दोनों खिलाड़ियों के माथे पर चंदन का तिलक लगाया।

इस दौरान विराट कोहली बेहद सादगी और शांति के भाव में नजर आए। पूजा के बाद मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय विराट ने मीडिया का अभिवादन करते हुए “जय श्री महाकाल” कहा।

समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा साझा किए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें विराट कोहली और कुलदीप यादव को भस्म आरती और पूजा-अर्चना करते हुए देखा जा सकता है।

Virat Kohli

सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों खिलाड़ियों के दर्शन के लिए मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

दर्शन के बाद कुलदीप यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल के दर्शन से उन्हें गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।

उन्होंने बताया कि करीब नौ साल बाद उन्हें दोबारा महाकाल के दर्शन का सौभाग्य मिला है और भगवान की कृपा से सब कुछ अच्छा चल रहा है।

यह पहली बार नहीं है जब टीम इंडिया के खिलाड़ी महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे हों। इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल भी यहां दर्शन कर चुके हैं।

वहीं, विराट कोहली स्वयं वर्ष 2023 में पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ भी महाकाल के दर्शन कर चुके हैं।

महाकाल दर्शन से पहले विराट कोहली ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। 11 जनवरी को खेले गए इस मैच में विराट ने 93 रनों की पारी खेलते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

उन्होंने सबसे तेज 28 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही विराट, कुमार संगकारा को पीछे छोड़कर इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इंदौर में खेले जाने वाले सीरीज के निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां विराट कोहली से एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Also Read: IND vs NZ T20 Series: श्रेयस अय्यर की 2 साल बाद टीम में एंट्री, इस खिलाड़ी की भी खुली किस्मत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.