विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली का धमाका, शतक के साथ पूरे किए 16,000 रन
Sandesh Wahak Digital Desk: लगभग एक दशक बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी कर रहे विराट कोहली ने साबित कर दिया कि उन्हें रन मशीन क्यों कहा जाता है। बुधवार को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर दिल्ली की ओर से खेलते हुए कोहली ने आंध्र के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। इस शतकीय पारी के साथ ही उन्होंने लिस्ट ए (List-A) क्रिकेट में 16,000 रन का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।
विराट कोहली ने आंध्र के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए मात्र 101 गेंदों में 131 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 14 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। कोहली की इस आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली ने 299 रनों के लक्ष्य को महज 37.4 ओवरों में हासिल कर लिया और 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
सचिन के बाद दूसरे भारतीय बने विराट
16 हजार रनों की इस उपलब्धि के साथ ही कोहली अब एक खास क्लब का हिस्सा बन गए हैं। वह सचिन तेंदुलकर के बाद लिस्ट ए क्रिकेट में यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। दुनिया भर में वह यह उपलब्धि पाने वाले 9वें खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें रिकी पोंटिंग और कुमार संगकारा जैसे दिग्गजों का नाम शामिल है।
कोहली के अलावा दिल्ली की जीत में युवा सितारों का भी अहम योगदान रहा। कोहली के साथ मिलकर प्रियांश आर्य ने 113 रनों की साझेदारी की और 74 रनों की तेज पारी खेली। नितीश राणा ने भी 55 गेंदों में 77 रन ठोककर जीत की राह आसान कर दी। गेंदबाजी में सिमरजीत ने कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटके।
आंध्र की ओर से रिकी भुई का संघर्ष
इससे पहले आंध्र ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 298 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। आंध्र की ओर से रिकी भुई ने 122 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन कोहली के तूफान के आगे उनकी यह मेहनत फीकी पड़ गई।
Also Read: गोरखपुर का वनटांगिया गांव रचेगा इतिहास, बनेगा यूपी का पहला और देश का दूसरा ‘जल अर्पण गांव’

