विराट कोहली का ऐतिहासिक कीर्तिमान, सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे कर एक नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के केवल तीसरे बल्लेबाज बने हैं। कोहली ने यह ऐतिहासिक मुकाम वडोदरा में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड पहले वनडे मैच के दौरान 25 रन बनाते ही हासिल किया।

इस उपलब्धि के साथ विराट कोहली ने सबसे तेज 28,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 644 पारियों में 28,000 रन पूरे किए थे।

वहीं, कोहली ने यह कारनामा महज 624 पारियों में कर दिखाया, यानी तेंदुलकर से 20 पारियां कम लेकर।

Virat Kohli

विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के अलावा श्रीलंका के कुमार संगाकारा तीसरे ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 से अधिक रन बनाए हैं।

सबसे तेज 28,000 अंतरराष्ट्रीय रन

  • 624 पारियां – विराट कोहली

  • 644 पारियां – सचिन तेंदुलकर

  • 666 पारियां – कुमार संगाकारा

इसके साथ ही विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। कुमार संगाकारा ने अपने करियर में कुल 28,016 रन बनाए थे, जबकि कोहली ने 28,017 से अधिक रन बनाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अब भी सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने अपने शानदार करियर में 34,357 रन बनाए थे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन

  • 34,357 रन – सचिन तेंदुलकर

  • 28,017+ रन – विराट कोहली

  • 28,016 रन – कुमार संगाकारा

विराट कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 123 मैचों में 9,230 रन बनाए, जबकि 125 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 4,188 रन दर्ज हैं।

वनडे क्रिकेट में कोहली अब तक 14,600 से अधिक रन बना चुके हैं और वह पहले ही वनडे इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं।

विराट कोहली की यह उपलब्धि न सिर्फ भारतीय क्रिकेट बल्कि विश्व क्रिकेट के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।

Also Read: Lucknow News: भारतीय जूडो को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वालीं कोच सुषमा अवस्थी को किया गया सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.