शतकवीर विराट की जंग गई बेकार, न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार जीती ODI सीरीज

Sandesh Wahak Digital Desk: विराट कोहली के जुझारू शतक के बावजूद टीम इंडिया को जीत नसीब नहीं हुई।

न्यूजीलैंड ने तीसरे वनडे में भारत को 41 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि भारत की सरज़मीं पर पहली बार वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली। यह मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शानदार शतकों की बदौलत 50 ओवर में 337 रन बनाए। जवाब में भारत की पूरी टीम 296 रन पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक उपलब्धि

वनडे क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है जब न्यूजीलैंड ने भारत में आकर टीम इंडिया को किसी ODI सीरीज में हराया है। डेरिल मिचेल इस सीरीज में कीवी टीम के हीरो रहे।

Virat Kohli

उन्होंने दूसरे और तीसरे वनडे में लगातार शतक जमाए। इंदौर मैच में मिचेल ने 137 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 106 रनों की धमाकेदार पारी खेली। गौरतलब है कि यही न्यूजीलैंड टीम 2024 में भारत में टेस्ट सीरीज में भी क्लीन स्वीप कर चुकी है।

विराट का शतक, लेकिन बाकी बल्लेबाज रहे नाकाम

338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 71 रन पर चार विकेट गंवा दिए।

रोहित शर्मा सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पिछले दो मैचों में अर्धशतक लगाने वाले कप्तान शुभमन गिल 23 रन ही बना सके। श्रेयस अय्यर (3) और केएल राहुल (1) भी पूरी तरह फ्लॉप रहे।

विराट कोहली ने नितीश कुमार रेड्डी के साथ 88 रनों की साझेदारी कर भारत को मैच में लौटाने की कोशिश की।

इसके बाद हर्षित राणा ने भी 52 रनों की अहम पारी खेली और विराट के साथ 99 रन जोड़े। हालांकि रवींद्र जडेजा से जिस बड़ी पारी की उम्मीद थी, वह सिर्फ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

आखिरी उम्मीद भी टूटी

हर्षित राणा के आउट होने के बाद सारी उम्मीदें विराट कोहली पर टिक गई थीं, लेकिन 46वें ओवर में 124 रन बनाकर उनके आउट होते ही भारत की जीत की उम्मीद भी खत्म हो गई।

इस तरह न्यूजीलैंड ने तीसरा वनडे और सीरीज दोनों जीतकर भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

Also Read: बांग्लादेश का नया ड्रामा, अंडर-19 वर्ल्ड कप में ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर जारी किया बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.