बड़े पर्दे पर दिखेगा ऑपरेशन सिंदूर का पराक्रम, विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार मिलकर बनाएंगे फिल्म

Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर उसे करारा जवाब दिया था। अब इसी शौर्य गाथा को दुनिया के सामने लाने की जिम्मेदारी मशहूर निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने उठाई है। इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार के साथ हाथ मिलाया है।

‘पिंकविला’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म टी-सीरीज और विवेक अग्निहोत्री की प्रोडक्शन कंपनी ‘आई एम बुद्धा’ के बैनर तले बनाई जाएगी। विवेक अग्निहोत्री ही इस फिल्म का निर्देशन करेंगे। हालांकि, फिल्म के टाइटल और शूटिंग की तारीखों को लेकर अभी आधिकारिक एलान होना बाकी है, लेकिन चर्चा है कि फिल्म की कहानी असल घटनाओं और सेना के खुफिया ऑपरेशन्स पर आधारित होगी।

क्या था ऑपरेशन सिंदूर

गौरतलब है कि 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में एक कायराना हमला हुआ था। इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने सीमा पार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस सैन्य कार्रवाई ने पाकिस्तान समर्थित आतंक की कमर तोड़ दी थी। हमले के तुरंत बाद कई फिल्ममेकर्स ने इस नाम से टाइटल रजिस्टर कराए थे, लेकिन बाजी विवेक अग्निहोत्री के हाथ लगी है।

भूषण कुमार इन दिनों सफलता के सातवें आसमान पर हैं। हाल ही में 23 जनवरी को रिलीज हुई उनकी फिल्म बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ स्टारर इस फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। बॉर्डर 2 की कामयाबी के बाद अब भूषण कुमार ऑपरेशन सिंदूर के जरिए एक और ब्लॉकबस्टर की तैयारी में जुट गए हैं।

Also Read: यूपी बीजेपी में बड़े बदलाव की आहट, दफ्तर से हटीं मेजें, अब कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर पंकज चौधरी करेंगे बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.