‘वोकल फॉर लोकल’ और विकसित भारत: व्यापारियों ने सुनील सिंघी के नेतृत्व में बनाई लक्ष्य प्राप्त करने की रणनीति
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल भिनगा द्वारा गुरुवार को नंदिनी मैरिज हॉल में एक भव्य व्यापारी महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में व्यापारियों ने सरकार और व्यापार जगत के बीच समन्वय मजबूत करने तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की रणनीति पर चर्चा की। समारोह के मुख्य अतिथि व्यापार बोर्ड के सदस्य सुनील सिंघी और विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा रहे।
सिंघी के दूसरे कार्यकाल का स्वागत
मुख्य अतिथि सुनील सिंघी ने अपने संबोधन में व्यापारियों को अपने पहले कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले कार्यकाल में देश भर के सभी राज्यों में 322 से अधिक सम्मेलन आयोजित किए गए, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को सुना गया।
सिंघी ने बताया कि उन्होंने भारत सरकार के नौ मंत्रालयों और नीति आयोग के साथ बैठकें कर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया। बोर्ड द्वारा प्रकाशित एक पुस्तिका में बताया गया है कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करके व्यापारियों की समस्याओं को सफलतापूर्वक हल किया गया है। सुनील सिंघी की सक्रियता और अनुभव को देखते हुए सरकार द्वारा उन्हें दूसरा कार्यकाल दिए जाने का देशभर के व्यापारिक संगठनों ने स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
व्यापारियों का मानना है कि सिंघी के नेतृत्व में सरकार और व्यापारियों के बीच का समन्वय और अधिक मजबूत होगा, जिससे ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल को गति मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी किया संबोधित
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्र, उद्योग व्यापार बोर्ड के सदस्य सुनील पाण्डेय, जिलाध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता, महामंत्री राजेश सोनी, उपाध्यक्ष हरिमोहन गुप्ता, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और महामंत्री सत्य प्रकाश आर्य ने भी व्यापारियों को संबोधित किया और संगठनात्मक मजबूती पर ज़ोर दिया।
ऱिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: श्रावस्ती: किसान यूनियन की ‘आर-पार की लड़ाई’, सीएमओ को धरना स्थल पर दो घंटे बिठाया

