‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन: लखनऊ में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से तीखी नोकझोंक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में SIR (Special Integrated Revision) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस ने “वोट चोर गद्दी छोड़” आंदोलन के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से मार्च निकालते हुए हजरतगंज स्थित चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया।

पुलिस से तीखी नोकझोंक और गिरफ्तारी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने “वोट चोर गद्दी छोड़” और “RSS की नई शाखा- चुनाव आयोग” जैसे तीखे नारे लगाए। कांग्रेस कार्यालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कई कांग्रेसी पुलिस बैरियर पर चढ़ गए और वहीं खड़े होकर जमकर नारेबाजी की।
पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घसीटकर गाड़ियों में बैठाया और हिरासत में लेकर उन्हें ईको गार्डन ले गई, जहां बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने किया पलटवार
हिरासत में लिए जाने से पहले युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी ने SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) को लेकर जो बात कही है, वह पूरी तरह सच है। जब तक यह तानाशाह सरकार हमारी बात नहीं मानेगी, तब तक ऐसे ही प्रदर्शन होता रहेगा। हम चुनाव आयोग के ऑफिस का घेराव करते रहेंगे।”
प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय और चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
Also Read: 50 लाख का कर्ज चुकाने की साजिश और अंतिम संस्कार में पुतला जलाने का खेल, ऐसे खुला राज

