बिहार विधानसभा में वोटर लिस्ट विवाद: RJD विधायकों का जोरदार हंगामा, मार्शल से धक्का-मुक्की

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा में मंगलवार को विपक्षी दलों ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और SIR (Special Intensive Revision) के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए आरजेडी समेत विपक्ष के विधायक काले कपड़े पहनकर सदन पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। हालात ऐसे बने कि विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

सदन में हंगामा, मार्शलों से धक्का-मुक्की

हंगामा उस समय और बढ़ गया जब आरजेडी विधायक सतीश दास वेल में पहुंचे और प्रदर्शन तेज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विधायक उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गोद में फेंकना चाहते थे, ताकि सीएम का ध्यान उनके विरोध पर जाए। उन्होंने कहा, सीएम को पता ही नहीं था कि हम लोग काले कपड़े क्यों पहनकर आए हैं, इसलिए मुझे उठाकर फेंकने की कोशिश की गई।

विधानसभा में विपक्षी विधायकों ने रिपोर्टर टेबल के पास रखी कुर्सियां उठाने की कोशिश की, लेकिन मार्शलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान विपक्षी विधायक लगातार नारेबाजी करते रहे “SIR वापस लो!”।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एसआईआर मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा सरकार न केवल लोगों के अधिकार छीन रही है, बल्कि मतदाता के अस्तित्व को भी मिटाने की कोशिश हो रही है। हम चुप बैठने वाले नहीं हैं।

तेजस्वी ने यह भी बताया कि उन्होंने कार्य स्थगन प्रस्ताव लाने की कोशिश की ताकि इस विषय पर सदन में खुलकर चर्चा हो सके, लेकिन सरकार ने इसे स्वीकार नहीं किया। उनका कहना था कि बिहार लोकतंत्र की जननी है, लेकिन अब यही लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश की जा रही है। BLO बिना जानकारी के फॉर्म भर रहे हैं, जनता में भ्रम की स्थिति है।

SIR क्या है?

SIR यानी Special Intensive Revision यह मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान है, जिसमें वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाता है। लेकिन विपक्ष का आरोप है कि इसमें भारी अनियमितता बरती जा रही है, जिससे वोटरों के नाम गलत तरीके से हटाए जा रहे हैं या शामिल किए जा रहे हैं।

 

Also Read: कांवड़ मार्ग पर क्यूआर कोड विवाद में सुप्रीम कोर्ट से यूपी सरकार को राहत, फिलहाल नहीं…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.