पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का समापन, राहुल गांधी का BJP पर ‘हाइड्रोजन बम’ से हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन ने अपनी ताकत दिखाते हुए ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का समापन पटना के डाकबंगला चौराहे पर किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय स्तर के कई नेता इकट्ठा हुए और उन्होंने केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

‘वोट चोरी का मतलब है भविष्य की चोरी’
राहुल गांधी ने बीजेपी पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में उनसे चुनाव चोरी किया गया था। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद करीब एक करोड़ नए वोटर जोड़े गए, लेकिन ये सभी वोट बीजेपी के खाते में चले गए। राहुल ने कहा हमने सबूतों के साथ दिखाया कि एक ही क्षेत्र में एक लाख से ज़्यादा फर्जी वोटर थे।
राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी का मतलब है युवाओं के अधिकार, आरक्षण, रोजगार और भविष्य की चोरी। उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा आपने एटम बम का नाम सुना है? एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है। बीजेपी के लोगों तैयार हो जाओ, हाइड्रोजन बम आ रहा है। पूरे देश को आपकी सच्चाई पता लगने वाली है। हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी जी अपना चेहरा देश को नहीं दिखा सकेंगे।

खरगे और तेजस्वी ने भी बोला हमला
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 15 दिनों की इस यात्रा की चर्चा पूरे देश में हुई, लेकिन बीजेपी ने इसे रोकने की पूरी कोशिश की। उन्होंने कहा कि वोट चोरी करने वाले पैसे भी चोरी करते हैं और मोदी-शाह की जोड़ी लोगों को डुबो देगी। खरगे ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि ये ‘आरएसएस वाले’ उन्हें कचरे में फेंक देंगे।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी गुजरात में फैक्टरी लगाती है और वोट बिहार में मांगती है। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को ‘भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह’ और ‘डुप्लीकेट सीएम’ बताते हुए कहा कि लालू प्रसाद की औलाद होने के नाते वे एफआईआर से नहीं डरते।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि यह चुनाव सिर्फ बिहार का नहीं, बल्कि देश को बचाने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव आयोग और ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
पदयात्रा को बीच में रोका गया
राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता गांधी मैदान से पदयात्रा करते हुए पटना हाईकोर्ट स्थित आंबेडकर मूर्ति तक जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें डाकबंगला चौराहे पर ही रोक दिया। प्रशासन ने बताया कि यात्रा की अनुमति सिर्फ यहीं तक थी। यात्रा में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, शिवसेना नेता संजय राउत, और एनसीपी नेता सुप्रिया सुले सहित कई बड़े नेता शामिल हुए।
Also Read: ‘बिहार में नाम जोड़ने से ज़्यादा हटाने के आ रहे हैं आवेदन’, SC में चुनाव आयोग का बड़ा खुलासा

