UP में MLC चुनाव के लिए आज मतदान, 11 सीटों पर 152 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

UP MLC Election Voting: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद सदस्य की 11 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। चुनाव में 152 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव का परिणाम 27 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।

72 जिलों में 2,697 मतदान स्थल

कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के बाकी 72 जिलों में कुल 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव पर नजर रखने के लिए 11 प्रेक्षक तैनात रहेंगे। इसके अलावा 12,309 कर्मचारी मतदान ड्यूटी पर लगाए गए हैं। निगरानी के लिए 1,041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे।

निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि मतदाता का प्रमुख विवरण सही होने पर केवल लिपिकीय त्रुटि के आधार पर उसे मतदान से नहीं रोका जाएगा।

5 स्नातक और 6 शिक्षक सीटों पर चुनाव

इस चुनाव (UP MLC Election Voting) में विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं।

  • स्नातक सीटें: लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी और इलाहाबाद-झांसी।
  • शिक्षक सीटें: लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद।

वोटर कार्ड नहीं है तो इन दस्तावेजों से कर सकेंगे मतदान

मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की आईडी, स्थानीय निकाय या निजी औद्योगिक संस्थान का पहचान पत्र, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की शैक्षणिक संस्था का पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी शामिल हैं।

मतदान के दिन स्कूल-कॉलेज और शराब की दुकानें बंद

मतदान (UP MLC Election Voting) के कारण लखनऊ में स्कूल-कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए देशी-विदेशी शराब, बीयर की दुकानें, बार, मॉडल शॉप और सैन्य कैंटीन भी बंद रहेंगी। 27 अक्टूबर को मतगणना के दिन भी शराब की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

Also Read: आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे अखिलेश यादव, छोटे बेटे अदीब भी रहे साथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.