वृंदावन हादसा: सीवर सफाई के दौरान जान गंवाने वाले दो कर्मचारियों के परिवारों को मिलेंगे 30-30 लाख रुपये
Sandesh Wahak Digital Desk: मथुरा जिले सीवर टैंक की सफाई करते वक्त ज़हरीली गैस की चपेट में आकर जान गंवाने वाले दो सफाईकर्मियों नरेंद्र (38) और छोटेलाल केशव (40) के परिवारों को अब 30-30 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। यह फैसला नगर निगम और प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों के लिए एक राहत भरे कदम के रूप में लिया गया है।
नगर निगम आयुक्त जगप्रवेश चंद्र ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह राशि सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय किए गए मुआवजा मानदंडों के अनुसार दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हालाँकि मृतक सफाईकर्मी नगर निगम के स्थायी कर्मचारी नहीं थे, फिर भी परिजनों और सामाजिक संगठनों की भावनाओं को देखते हुए सरकार संवेदनशीलता के साथ सहायता देने जा रही है।
बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर टैंक में उतरे थे सफाईकर्मी
यह दर्दनाक हादसा शनिवार को वृंदावन के एक निजी गेस्ट हाउस में हुआ था, जहां दोनों सफाईकर्मी बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर टैंक में उतरे थे। बताया जा रहा है कि यह कार्य गेस्ट हाउस प्रबंधक हेमंत के निर्देश पर ठेकेदार अमित द्वारा करवाया जा रहा था। टैंक के भीतर जहरीली गैस मौजूद होने की आशंका के बावजूद कोई एहतियात नहीं बरती गई, जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
नगर निगम आयुक्त ने साफ कहा कि सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल, पुलिस ने मामले में गेस्ट हाउस के मैनेजर और ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और घटना की जांच जारी है।
Also Read: मऊ में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्करी कर रहे ट्रक से 3.12 करोड़ का गांजा बरामद

