Lucknow News: गृहकर के भारी-भरकम बिलों पर नगर आयुक्त के साथ व्यापारियों की तीखी बहस

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के व्यापारियों ने आज नगर निगम और जल संस्थान की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार से मुलाकात की। बैठक का मुख्य एजेंडा गृहकर (House Tax) के बढ़े हुए बिल और जल संस्थान द्वारा भेजे जा रहे लाखों रुपये के नोटिस थे।

संदीप बंसल ने बैठक में गृहकर की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम जानबूझकर बिलों को बढ़ा-चढ़ाकर भेजता है ताकि बाद में उनमें ‘मोलभाव’ (Settlement) किया जा सके। बंसल ने कहा, हाउस टैक्स की प्रक्रिया बिजली के बिल की तरह पारदर्शी होनी चाहिए। हर व्यक्ति को पता होना चाहिए कि उसका टैक्स कितना बन रहा है ताकि भ्रष्टाचार की गुंजाइश ही न रहे।

जल संस्थान की ओर से भेजे जा रहे नोटिसों पर व्यापारियों ने कड़ा रोष व्यक्त किया। व्यापारियों का कहना है कि संविधान के अनुसार जल और हवा पर कर नहीं लिया जा सकता। संदीप बंसल ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी पानी का भुगतान मीटर के आधार पर होना चाहिए। बिना मीटर और बिना पानी के लाखों रुपये के बिल भेजना सिर्फ व्यापारियों और जनता का मानसिक उत्पीड़न करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भ्रष्ट कर्मचारी इन नोटिसों की आड़ में धन उगाही कर रहे हैं। व्यापारियों की शिकायतों को सुनने के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

पारदर्शी प्रक्रिया: नगर आयुक्त ने गृहकर निर्धारण के लिए ‘स्वयं कर निर्धारण’ (Self-Assessment) नियमावली का पांचवा संस्करण संदीप बंसल को सौंपा। उन्होंने कहा कि इस पुस्तिका की मदद से व्यापारी खुद अपना टैक्स कैलकुलेट कर सकते हैं, जिससे बीचौलियों की जरूरत खत्म हो जाएगी।

दंडात्मक कार्रवाई: उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी मनमानी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आरसी पर रोक: व्यापारियों ने उन मामलों में आरसी (Recovary Certificate) निरस्त करने की मांग की, जिस पर नगर आयुक्त ने सकारात्मक रुख दिखाया। साथ ही, उन्होंने असेसमेंट बिल की कॉपी जनता को भेजने के सुझाव को भी स्वीकार कर लिया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग, महिला प्रदेश अध्यक्ष अनीता जायसवाल, आकाश गौतम, आश्वन वर्मा, राजीव कक्कड़, अनुज गौतम और अमरनाथ चौधरी सहित दर्जनों व्यापारी नेता मौजूद रहे।

Also Read: अमेठी: गौरीगंज में लगेगा ‘न्याय दरबार’, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष करेंगी सुनवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.