50 हजार के इनामी डब्लू यादव STF मुठभेड़ में ढेर, बिहार का कुख्यात गैंगस्टर हापुड़ में मारा गया

हत्या, लूट, रंगदारी जैसे कई मामलों में वांछित था डब्लू यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार के बेगूसराय जिले का कुख्यात गैंगस्टर डब्लू यादव, जो हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे दर्जनों मामलों में वांछित था, हापुड़ के सिम्भावली क्षेत्र में STF के साथ मुठभेड़ में मारा गया। उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था।

क्या है पूरा मामला?

रात 27-28 जुलाई 2025 की दरमियानी रात को STF उत्तर प्रदेश, हापुड़ पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने सिम्भावली थाना क्षेत्र के बड्डा नहर पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।

STF ने संयम और साहस के साथ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मारा गया अपराधी कौन था?

मारे गए अपराधी की पहचान डब्लू यादव पुत्र सूर्य नारायण यादव, निवासी ग्राम ज्ञानटोला, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष थी। डब्लू यादव बिहार का कुख्यात अपराधी था, और उस पर दर्जनों गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे। बिहार पुलिस के अनुसार, उसका रजिस्टर्ड गैंग नंबर A-121 था, जो कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है।

मौके से बरामद हथियार व सामान

  • 9mm कारबाइन (2 मैगजीन के साथ)
  • 9mm के 5 खोखा कारतूस
  • .32 बोर पिस्टल (2 मैगजीन के साथ)
  • .32 बोर के 7 जिंदा कारतूस और 6 खोखे
  • .315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस
  • काली रंग की पीठ पर टांगी जाने वाली पिट्ठू बैग
  • बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल

डब्लू यादव पर दर्ज प्रमुख आपराधिक मामले

डब्लू यादव के खिलाफ 25 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे। कुछ प्रमुख मामले:

  • 2010: लूट के दौरान मारपीट (धारा 394) – थाना कमालपुर, बेगूसराय
  • 2013: रंगदारी वसूली (धारा 384) – थाना साहेबपुर कमाल
  • 2014: जानलेवा हमला – योगेंद्र यादव पर गोलीबारी
  • 2015: ईंट-भट्ठा मालिक से 2 लाख की रंगदारी
  • 2017: अदालत में गवाही देने पर महेंद्र यादव की हत्या
  • 2025: हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के नेता विकास कुमार का अपहरण और हत्या – शव को दियारा क्षेत्र में बालू के नीचे दबाया गया

बेगूसराय के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹50,000 का इनाम घोषित कर रखा था।

कैसे पकड़ा गया डब्लू यादव?

बिहार पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर STF नोएडा की टीम ने अपराधी की तलाश तेज की। इनपुट मिला कि डब्लू यादव दिल्ली-NCR में किसी बड़ी लूट की योजना बना रहा है। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक नवेंदु कुमार और इंस्पेक्टर केशव शांडिल्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सटीक सूचना और रणनीतिक कार्रवाई के चलते उसे ट्रैक किया गया और फिर हापुड़ में चेकिंग के दौरान उसका सामना हुआ।

STF और पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई न सिर्फ एक कुख्यात अपराधी के खात्मे के रूप में देखी जा रही है, बल्कि इससे दिल्ली-एनसीआर में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान भाग निकले दूसरे अपराधी की तलाश अब भी जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। इस मुठभेड़ के संबंध में थाना सिम्भावली, जनपद हापुड़ में FIR संख्या 243/2025 दर्ज की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।

 

Also Read: Lucknow News: डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी, विभूतिखंड थाने में FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.