Banda News: यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी गैंगस्टर शीबू अंसारी

Banda News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने सोमवार की रात बांदा जिले से गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी शीबू अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। शीबू अंसारी के खिलाफ बांदा के नरैनी थाने में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज था और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।

एसटीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए बांदा में सक्रिय थी। इसी दौरान टीम के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी प्रभंजन पाण्डेय, अजय सिंह यादव, अनूप राय और आरक्षी चालक अखंड प्रताप पाण्डेय को मुखबिर से इनामी बदमाश की लोकेशन की पुख्ता जानकारी मिली। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने बबेरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुनार गली (बीआरसी स्कूल के सामने) घेराबंदी कर रात करीब 09:05 बजे अभियुक्त शीबू अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से नरैनी कस्बे के बांदा रोड का रहने वाला है।

बांदा में चोरी की कई वारदातों को दे चुका है अंजाम

एसटीएफ की गिरफ्त में आए शीबू अंसारी पुत्र वहीद उर्फ वाहिद अंसारी ने पूछताछ के दौरान अपने आपराधिक इतिहास की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि साल 2025 में उसने अपने गैंग के साथियों के साथ मिलकर बांदा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। इन मामलों में उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हुए थे और वह जेल भी जा चुका था।

जेल से छूटने के बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिसके बाद साल 2026 में नरैनी पुलिस ने उसके और उसके गिरोह पर नकेल कसने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। इस मुकदमे में नाम आने के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को नरैनी थाने में दाखिल कर दिया है, जहां स्थानीय पुलिस द्वारा उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थलों से हटाए जाएंगे स्ट्रीट डॉग्स

Get real time updates directly on you device, subscribe now.