बैंक मित्र से 90 हजार की ‘लूट’ या आपसी रंजिश की कहानी? अमेठी पुलिस ने घटना को बताया संदिग्ध
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक बैंक मित्र के साथ लूट की वारदात की सूचना से हड़कंप मच गया। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने उसे रास्ते में रोककर बैग और मोबाइल छीन लिया। हालांकि, पुलिस इस मामले को पहली नजर में संदिग्ध मानकर चल रही है।
क्या है बैंक मित्र का दावा?
नीमपुर निवासी मान सिंह यादव, जो बैंक ऑफ बड़ौदा के बैंक मित्र हैं और नीमपुर चौराहे पर ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) चलाते हैं, उन्होंने आपबीती सुनाई। मान सिंह के अनुसार वह मंगलवार शाम अपना केंद्र बंद करके घर लौट रहे थे। नीमपुर नहर के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उन पर असलहा तान दिया और बैग छीन लिया, जिसमें करीब 90 हजार रुपये और उनका मोबाइल था। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई भी की और मौके से भाग निकले।
पुलिस को क्यों हो रहा है शक?
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 112 और क्षेत्राधिकारी (CO) मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। हालांकि, स्थानीय पुलिस इस पूरी घटना को ‘मनगढ़ंत’ और ‘निराधार’ मान रही है।
थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि जिन लोगों पर शक जताया जा रहा है, उनके साथ पीड़ित की पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला लूट का कम और रंजिश के चलते फंसाने का ज्यादा लग रहा है।
सीसीटीवी से खुलेगा राज
मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस अब तकनीक का सहारा ले रही है। रास्ते में पड़ने वाले सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की मौजूदगी और घटना की पुष्टि हो सके। फिलहाल, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच और पूछताछ शुरू कर दी है।
Also Read: वोटर लिस्ट विवाद: चुनाव आयोग ने अखिलेश के दावों को नकारा, बताया क्यों कटे 4336 नाम?

