भाजपा का बागियों पर सख्त एक्शन, 16 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के वाशिम नगर परिषद चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। पार्टी ने नेतृत्व के निर्देशों को अनदेखा कर अधिकृत भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल करने वाले 16 बागी नेताओं और पदाधिकारियों को छह वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: जिलाध्यक्ष
यह सख्त कार्रवाई भाजपा के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम चितलांगे ने की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ना अनुशासनहीनता है और ऐसी पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चितलांगे ने कहा कि संगठन की मजबूती और पार्टी की एकजुटता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लेना आवश्यक हो गया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं को पहले अनुशासन में रहने की हिदायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ नामांकन दाखिल किया।
निलंबन की गाज जिला से लेकर शहर स्तर तक के कई प्रमुख पदाधिकारियों पर गिरी है। निलंबित किए गए नेताओं में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हैं। जिला सचिव करुणा कल्ले, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री छाया पवार, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव उलेमाले, पूर्व जिला उपाध्यक्ष धनंजय हेंद्रे, और वाशिम शहर उपाध्यक्ष संगीता पिंजरकर। पूर्व नगरसेवक प्रभाकर काले, राजेश विश्वकर्मा, आशा खटके, गजानन ठेंगडे, मदन राठी, मुकेश चौधरी, अनंत रंगभाल, उत्तर आघाड़ी प्रकोष्ठ प्रमुख सावंतसिंह ठाकूर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सेल के प्रमुख सचिन पेंढारकर, महिला शहर उपाध्यक्ष अनिता इंगोले और गजू लांडगे।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
भाजपा नेतृत्व ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यह कार्रवाई अंतिम नहीं है। यदि भविष्य में कोई भी नेता या कार्यकर्ता पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ इससे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे संगठन के निर्णयों का सम्मान करें और अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष मंव एकजुट होकर काम करें।
Also Read: पाकिस्तान के विश्वविद्यालय में संस्कृत की औपचारिक पढ़ाई शुरू, महाभारत और गीता का होगा अध्ययन

