अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद भड़का वाशिंगटन, होर्मुज जलडमरूमध्य पर किए ताबड़तोड़ हवाई हमले

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान द्वारा किए गए एक हमले में पहली बार दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक जवान लापता बताया जा रहा है। सैनिकों की मौत से भड़के अमेरिका ने शनिवार को ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर नए हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस जवाबी कार्रवाई की पुष्टि की है। सेंटकॉम के मुताबिक, ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अमेरिकी सैनिकों पर हमला करने वाले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स को करारा जवाब देने के लिए किए गए हैं।

अमेरिकी सेना ने स्पष्ट किया है कि कमांडर-इन-चीफ के सीधे आदेश पर ईरानी ठिकानों को निशाना बनाकर हमलों का यह नया दौर शुरू किया गया है। दूसरी ओर, अमेरिकी फाइटर जेट्स की इस बमबारी से ईरान में भारी तबाही की खबरें हैं। ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन केरमानपुर के अनुसार, हालिया अमेरिकी हमलों में 12 और लोगों की जान चली गई है, जिससे इस ताजा सैन्य संघर्ष में मरने वाले ईरानियों की कुल संख्या 50 हो गई है। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा, 27 जून से जारी इन हमलों में अब तक 500 से अधिक लोग जख्मी हो चुके हैं।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए और तस्नीम न्यूज के मुताबिक, रविवार सुबह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदर अब्बास बंदरगाह और केशम द्वीप भीषण धमाकों की आवाजों से दहल उठे। स्थानीय निवासियों ने द्वीप के कई हिस्सों में सिलसिलेवार विस्फोटों की पुष्टि की है। हाल के दिनों में अमेरिकी युद्धक विमानों ने केशम द्वीप के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को भारी नुकसान पहुंचाया है। वाशिंगटन और तेहरान के बीच दोबारा शुरू हुई इस सीधे सैन्य टकराव ने पूरे क्षेत्र में बड़े युद्ध का खतरा पैदा कर दिया है।

Also Read: PV Sindhu Japan Open: पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, अकाने यामागुची को हराकर जीता जापान ओपन, ऐसा करने वाली पहली भारतीय बनीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.