लखनऊ के फैजुल्लागंज में जलभराव से बढ़ी परेशानी, ‘मामा कॉलोनी’ के दर्जनों परिवार घरों में कैद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में रहने वाले लोगों की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां की ‘मामा कॉलोनी’ पिछले दस दिनों से जलभराव की समस्या से जूझ रही है, जिसके चलते दर्जनों परिवार अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
भारी बारिश और निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण कॉलोनी की गलियों और घरों के सामने घुटनों तक पानी जमा है। लोग न तो घर से बाहर निकल पा रहे हैं और न ही रोजमर्रा के काम कर पा रहे हैं। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है, जबकि नौकरीपेशा लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जलभराव के कारण गंदगी और बदबू भी फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। कॉलोनी के निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।
तो वहीं दूसरी ओर नगर निगम के अफसरों का कहना है कि गोमती बैराज खोलने के लिए सिंचाई विभाग को कहा गया है। इसके अलावा अभियंत्रण विभाग से 2 पंप सेट लगा दिए गए है।
Also Read: गोंडा में अनामिका शुक्ला केस: बीएसए समेत 6 लोगों पर FIR के आदेश, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

