हिन्दू राष्ट्र के लिए हम सब भी तैयार हैं: करण भूषण सिंह

फर्जी वोट को बताया फर्जी मुद्दा, कहा- चुनाव नजदीक आने पर बरगलाने का प्रयास कर रहा विपक्ष

Gonda News: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पुत्र और कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने बाबा बागेश्वर के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इस बार हिंदू राष्ट्र बनना ही चाहिए। सांसद ने कहा कि हम सब भी तैयार हैं।

बिहार में निष्पक्ष चुनाव और 65 लाख वोटों को काटे जाने को लेकर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए करण भूषण ने कहा कि 65 लाख वोट बीजेपी ने नहीं हटाए। वो चुनाव आयोग ने हटाए। अब उस पर कोई क्या बोलता है, यह उनकी मानसिकता है। उनकी यही राजनीति है। इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता।

जिले के तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में स्थित जगदंबा शरण सिंह एजुकेशन इंस्टीट्यूट में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत बेलसर व तरबगंज ब्लाक की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह द्वारा किया गया। ये खेल प्रतियोगिताएं छह अक्टूबर तक चलेंगी। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए करण भूषण सिंह ने बसपा पर निशाना साधा।

कैसरगंज सांसद बोले- बसपा का भी एक समय था, अब कहीं नहीं दिखती

आगामी 09 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित बसपा के शक्ति प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि बसपा का एक समय था। अब हमारे हिसाब से दिखती तो नहीं है। शक्ति प्रदर्शन करे। हर किसी को आजादी है। करे शक्ति प्रदर्शन। फर्जी वोट के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मुद्दा ही फर्जी है। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी बेदाग है। चुनाव नजदीक है, इसलिए विपक्ष छोटी-छोटी बातों पर लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रहा है। करण भूषण सिंह ने बाबा बागेश्वर धाम के हिन्दू राष्ट्र बनाए जाने के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि हम सब भी तैयार हैं।

70 हजार खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

करण भूषण सिंह ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ सपने के दूसरे चरण का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि अब तक कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से 70,000 से अधिक खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। यह प्रक्रिया जारी है। सांसद ने कहा कि बच्चों के लिए एक अच्छे स्टेडियम के प्रयास में हूं।

अपने पिता के बयान से असहमत दिखे करण भूषण

सांसद करण भूषण सिंह अपने पिता पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के उस बयान से असहमत दिखाई दिए, जिसमें उन्होंने कहा था कि सफलता पाने के लिए सफल लोगों के साथ रहो, पढ़ने-लिखने की जरूरत नहीं है। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अरे नहीं भाई। दोनों चीज की अपनी जगह पर जरूरत है। पढ़ाई की भी जरूरत है और खेल की भी जरूरत है। खेल हमें मानसिक और शारीरिक मजबूत करेगा। दोनों चीज की अपनी-अपनी जगह पर जरूरत है। खेल की भी और पढ़ाई की भी।

रिपोर्ट: ए.आर. उस्मानी

 

Also Read: बहराइच में ‘वीर बाल टोली’ का अदम्य साहस, आदमखोर से भिड़कर बचाई मासूम की जान, SDPI ने किया सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.