‘हम तो बर्बाद हो गए’, लखनऊ में PM मोदी के कार्यक्रम के बाद फेंका गया खाना खाकर सैकड़ों भेड़ों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां ‘राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल’ के पास प्रशासन की कथित लापरवाही ने एक गरीब पशुपालक को सड़क पर ला खड़ा किया है। आरोप है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद पार्किंग स्थल पर फेंके गए दूषित भोजन को खाने से 100 से अधिक भेड़ों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

घटना का पूरा मामला

लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर हाल ही में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बड़ी मात्रा में बचा हुआ खाना कचरा प्रबंधन के नियमों को ताक पर रखकर पार्किंग क्षेत्र में ही खुला छोड़ दिया गया।

आसपास चरने वाली भेड़ें इस दूषित और सड़े हुए भोजन का शिकार हो गईं। खाना खाने के कुछ ही समय बाद भेड़ों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते 100 से ज्यादा भेड़ों ने दम तोड़ दिया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इतने बड़े आयोजन के बाद सफाई और बचे हुए भोजन के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।

“साहब, हम तो सड़क पर आ गए…”

पीड़ित पशुपालक पुदित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी मरी हुई भेड़ों के पास बैठकर दहाड़ें मारकर रो रहा है। पीड़ित पशुपालक पुदित ने कहा कि “साहब, हम तो गरीब लोग हैं, हमारी भेड़ों को चराने ले गए थे। वहां पड़ा हुआ खाना खाते ही एक-एक करके सब मर गईं। अब हमारे पास कुछ नहीं बचा, हम बर्बाद हो गए। न कोई अधिकारी सुध लेने आया और न किसी ने मदद की।”

पशुपालक की आजीविका पूरी तरह इन भेड़ों पर निर्भर थी। एक ही झटके में उसकी वर्षों की जमा-पूंजी और रोजगार का साधन खत्म हो गया है।

वर्तमान स्थिति

हालांकि, इस मामले पर अभी तक जिला प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है। यह पूरी खबर पीड़ित के बयानों और घटनास्थल के विजुअल्स पर आधारित है। ग्रामीण अब पशुपालक के लिए मुआवजे और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों/ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read: दिल्ली में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक, 79 हजार करोड़ के प्रस्तावों को मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.