’30 साल से महिलाओं के आंसू नहीं दिखे’, सपा से निकाले जाने के बाद पूजा पाल का अखिलेश पर पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासन के बाद पूर्व विधायक पूजा पाल ने सपा मुखिया अखिलेश यादव और पार्टी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने माफिया अतीक अहमद का नाम लिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की।

‘अतीक का एनकाउंटर सपा को नागवार गुजरा’

पूजा पाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहले भी तारीफ की थी। मेरा गुनाह सिर्फ इतना है कि मैंने माफिया अतीक अहमद का नाम लिया और बताया कि मुख्यमंत्री ने मुझे न्याय दिया। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद जैसे अपराधी का एनकाउंटर इन लोगों को नागवार गुजरा।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कानून व्यवस्था की तारीफ करना पार्टी विरोधी गतिविधि है, तो यह फैसला पहले क्यों नहीं लिया गया। पूजा पाल ने कहा कि अतीक ने न जाने कितनी महिलाओं और बेटियों की जिंदगी बर्बाद कर दी, लेकिन सपा को सिर्फ माफिया के बच्चों का मारा जाना नजर आया।

‘जनता मेरे साथ है’

अपने निष्कासन पर पूजा पाल ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि वह जनता के लिए काम करती हैं और जनता हमेशा उनका समर्थन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को कोई भी फैसला लेने से पहले उनसे बात करनी चाहिए थी।

वहीं, सपा विधायक संग्राम सिंह यादव ने पूजा पाल के निष्कासन का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें बहुत पहले ही पार्टी से निकाल देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग न तो जनता के सगे हैं और न ही पार्टी के।

Also Read: ‘मुख्यमंत्री प्रवासी हैं, उनका विजन सिर्फ लूट का है’, अखिलेश यादव का योगी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.