यूपी में बदला मौसम का मिजाज, पूर्वी और मध्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में कई दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद मौसम ने सोमवार से करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह के दौरान राज्य के पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दाब क्षेत्र के कारण मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है, जिससे उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मानसून की वापसी और बारिश की संभावना

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी राजस्थान से वापस लौट रहा है। इसी बीच, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दाब क्षेत्र बन रहा है, जिससे मानसून द्रोणी (Monsoon Trough) फिर से प्रभावी हो रही है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी यूपी तक पहुँचेगी, जिससे बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी।

आगामी सप्ताह तराई, पूर्वांचल और मध्यांचल के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर मेघगर्जन भी हो सकता है।राजधानी लखनऊ में 17 और 18 सितंबर के दौरान मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है। सोमवार शाम या रात में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी।

तापमान की स्थिति

पिछले कुछ दिनों से कानपुर (37 डिग्री सेल्सियस) और उरई (36.4 डिग्री सेल्सियस) जैसे शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा था, जिससे लोग काफी परेशान थे। हालांकि, मौसम में बदलाव के बाद अब तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

Also Read: अपहरण के मामले में फंसा निलंबित IAS का परिवार, अब पूजा खेडकर की मां पर कसा शिकंजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.