यूपी में मौसम का यू-टर्न: बारिश और ओलों के बाद फिर ठिठुरा प्रदेश, कोहरे की चादर में लिपटे कई शहर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर अपनी चाल बदल रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि ने जाते हुए जाड़े को दोबारा बुला लिया है। शनिवार की सुबह प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में घने कोहरे और बर्फीली हवाओं के साथ हुई। आलम यह है कि कई जिलों में विजिबिलिटी (दृश्यता) महज 10 मीटर रह गई है, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम सी गई है।
बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन, सुन्न हो रहे हाथ
पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। सुबह और शाम की गलन इतनी बढ़ गई है कि दुपहिया वाहन चलाने वालों के हाथ सुन्न हो रहे हैं। लोग एक बार फिर भारी ऊनी कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
सबसे ठंडा: शुक्रवार को 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बुलंदशहर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
सबसे गर्म: धूप खिलने के कारण 21.9 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ आगरा में दिन थोड़ा राहत भरा रहा।
31 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’: कोहरे का पहरा
मौसम विभाग ने कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, बरेली, मेरठ और कानपुर समेत 31 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहाँ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आगरा, बिजनौर और मुरादाबाद जैसे क्षेत्रों में भी धुंध का गहरा असर देखने को मिल रहा है।
फरवरी की शुरुआत भी होगी भीगी-भीगी
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अभी ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिलने वाली है।
1 फरवरी से एक नया ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 1 से 3 फरवरी के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। राजधानी लखनऊ में 2 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, इस दौरान रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी, जिससे कोहरे से मामूली राहत मिल सकती है। घने कोहरे के कारण हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने और ‘फॉग लाइट्स’ का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

