Weather Update: कानपुर में ट्रफ लाइन सक्रिय, 18.6 मिमी बरसा पानी, आज और कल भी होगी बारिश
Sandesh Wahak Digital Desk: शहर में रविवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली और ट्रफ लाइन की सक्रियता के चलते जमकर बारिश हुई। देर रात तक हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव से परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे ज्यादा 18.6 मिमी बारिश नवाबगंज स्थित कंपनी बाग में दर्ज की गई। वहीं, सिविल लाइंस में 15.3 मिमी, काकादेव में 14.3 मिमी, नौबस्ता में 13.3 मिमी और चकेरी में 4.4 मिमी बारिश हुई। अनुमान है कि रुक-रुककर यह बारिश सोमवार सुबह तक जारी रहेगी।

28 अगस्त तक बरसात का सिलसिला
सीएसए मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि बरसात का सिलसिला 28 अगस्त तक रुक-रुककर चलता रहेगा।
- सोमवार को 22 मिमी से अधिक बारिश होने की संभावना है।
- मंगलवार को 8 से 15 मिमी और
- बुधवार को 5 से 6 मिमी तक बारिश हो सकती है।
इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जलभराव से बढ़ी मुश्किलें
देर रात तक चली बारिश ने कई इलाकों को पानी-पानी कर दिया। वीआईपी रोड, गोविंदनगर, पांडुनगर, गुमटी और आवास विकास की गलियों में सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। कई बाजारों और मोहल्लों में लोग देर तक पानी में फंसे रहे। यहां तक कि विजयनगर और शास्त्रीनगर बाजार की दुकानों में भी पानी घुस गया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 27 अगस्त तक पूरे यूपी, खासकर कानपुर मंडल में बारिश का दौर जारी रहेगा।
Also Read: सुभासपा की नई पहल: जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगी पार्टी, हर जिले में होगी सुनवाई की व्यवस्था

