UP Weather: यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले तीन दिनों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी
UP News: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने की तैयारी कर ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी और बादलों की आवाजाही के बीच आज (29 मई) से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार से बारिश और तूफान का सिलसिला और तेज होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी। हालांकि, तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की अस्थायी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
61 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
राज्य के 61 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें शामिल हैं:
-
पश्चिमी यूपी के जिले: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, नोएडा, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर
-
मध्य यूपी के जिले: लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, बाराबंकी, रायबरेली, फतेहपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज
-
पूर्वी यूपी के जिले: जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अयोध्या
-
बुंदेलखंड क्षेत्र: झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट
-
तराई और पूर्वोत्तर के जिले: लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया
इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव, लू से राहत
वर्तमान में प्रदेश का अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। बुधवार को झांसी में सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा, उरई, कानपुर और बस्ती भी सबसे गर्म जिलों में रहे। हालांकि, फिलहाल प्रदेश में लू की स्थिति नहीं बन रही है।
1 जून से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने बताया कि 1 जून के बाद बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन 3 जून तक प्रदेश में बादल और हल्की बारिश का सिलसिला बना रहेगा।

