शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पश्चिम बंगाल में भीषण सड़क हादसे में 9 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सभी की मौके पर ही जान चली गई।

घटना बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामशोल गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर सुबह करीब 6:30 बजे हुई। शादी समारोह से लौट रही एक बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक से हो गई। बोलेरो में सवार सभी नौ लोग पुरुलिया के बड़ाबाजार थाना क्षेत्र के अदबाना गांव के रहने वाले थे और झारखंड के नीमडीह थाना क्षेत्र के तिलाईटांड जा रहे थे।

बलरामपुर पुलिस थाने के प्रभारी सौम्यदीप मलिक ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और आपातकालीन टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन सभी नौ लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मृत घोषित कर दिया गया।

भयानक मंजर था

एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज सुनकर हम दौड़कर पहुंचे। मंजर देखकर रोंगटे खड़े हो गए। हमने बचाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी में फंसे लोग बहुत बुरी तरह घायल थे। पुरुलिया के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम भी मलबे की जांच में जुटी है।

Also Read: छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में महिला नक्सली ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.