पश्चिम बंगाल विधानसभा में हंगामा, भाजपा विधायक शंकर घोष को मार्शलों ने निकाला बाहर
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब भाजपा विधायक और मुख्य सचेतक शंकर घोष को निलंबन के बाद सदन से बाहर जाने से मना करने पर मार्शलों द्वारा जबरन बाहर निकाल दिया गया।
दरअसल, विधानसभा में बंगाली प्रवासियों के खिलाफ अत्याचार पर एक सरकारी प्रस्ताव पर चर्चा चल रही थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस पर बोलने वाली थीं, तभी भाजपा विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने हंगामा करने के कारण घोष को पूरे दिन के लिए निलंबित कर दिया। जब उन्होंने सदन से बाहर जाने से इनकार किया, तो मार्शलों को बुलाकर उन्हें बाहर निकाला गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा विधायकों के इस व्यवहार को असंसदीय बताते हुए उसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक एक गंभीर चर्चा को बाधित करने की कोशिश कर रहे थे, जो बंगाली प्रवासियों के अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित है। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा।
इसी बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिक्षक दिवस के एक कार्यक्रम में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 2016 की एसएससी परीक्षा के दागी शिक्षकों को ग्रुप सी और डी के पदों पर नियुक्त करने के लिए कानूनी विकल्प तलाश रही है।
Also Read: Ayodhya News: केक काट कर बच्चों ने मनाया डॉ.राधाकृष्णन का जन्मदिन, शिक्षकों का हुआ सम्मान

