दो लोगों का कुछ नहीं हो सकता…राहुल गांधी और ट्रंप को लेकर क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह?

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में, कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

‘राहुल गांधी के पास न पढ़ाई, न संस्कार’

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हमारे यहां कहा गया है कि सच बोलो, लेकिन अगर सच अप्रिय हो तो उसे मत बोलो। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें न तो पढ़ाई-लिखाई से मतलब है और न ही संस्कारों से। इसी वजह से वे समय-समय पर ‘जहर उगलने’ का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोई व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वे पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। पीएम मोदी की दिवंगत मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करना न सिर्फ उनकी बल्कि देश की सभी माताओं और नारी समाज का अपमान है। बृजभूषण ने कहा, “हमारे यहां औरत को देवी माना गया है। आप उस व्यक्ति की आलोचना कर रहे हैं जो आज दुनिया में नहीं है। ऐसा करके आप अपनी औकात का परिचय दे रहे हैं कि आपके पास कितना ज्ञान है।” उन्होंने नेताओं को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी।

ट्रंप की व्यापार नीति पर भी साधा निशाना

बृजभूषण शरण सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि दो लोगों को समझना नामुमकिन है – एक हमारे देश के राहुल गांधी और दूसरे डोनाल्ड ट्रंप। उन्होंने कहा कि कब क्या हरकत कर जाएं, कोई नहीं जानता।

उन्होंने ट्रंप की निंदा करते हुए कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें। बृजभूषण ने ट्रंप को यह भी याद दिलाया कि यह 1990 का भारत नहीं है, जब देश को अपना सोना गिरवी रखना पड़ा था। यह 2024 और 2025 का भारत है, जिसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और जनता उनके साथ है। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

Also Read: Lucknow News: STF ने पकड़ा अवैध ऑक्सीटोसिन बनाने वाला गिरोह,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.