“अब पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए”, एनकाउंटर पर बोले CM योगी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कानून व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति को लेकर बड़ा बयान दिया। एनकाउंटर को लेकर हाई कोर्ट की फटकार के बाद सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि जीरो टॉलरेंस हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने कहा कि अगर अपना व्यक्ति भी गलत करेगा तो उस पर भी वही कानून लागू होगा, जो माफिया और अपराधियों पर लागू होता है। कोई अपना या पराया नहीं होगा और हर कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर करने का प्रयास किया गया है।

कानून की भाषा में समझाना जरूरी

CM योगी ने कहा कि कई बार ऐसी परिस्थितियां बन जाती हैं जब सामने वाला व्यक्ति कानून से भयभीत नहीं होता है। ऐसे में उसे कानून के दायरे में लाकर कानून की भाषा में समझाना समय की जरूरत बन जाती है। उन्होंने कहा कि फिर लोग टिप्पणी करते है कि पुलिस ने गोली क्यों मार दी, अब पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए। लेकिन अगर अपराधी के पास गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो पुलिस को उसका सामना करने के लिए ही हथियार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी जिस भाषा में समझता है, उसे उसी भाषा में समझाना पड़ता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2012 से 2017 के बीच 900 से ज्यादा दंगे हुए थे और शायद ही कोई शहर रहा होगा जहां कर्फ्यू न लगा हो। उन्होंने कहा कि उस समय ऐसा कोई उद्यमी, डॉक्टर या बिजनेसमैन नहीं होगा जिसने गुंडा टैक्स न दिया हो। उन्होंने कहा कि जब उन्हें प्रधानमंत्री और पार्टी की तरफ से जिम्मेदारी दी गई तो सबसे बड़ी चुनौती कानून व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों के अंदर विश्वास पैदा करना था।

हर नागरिक में विश्वास पैदा करना था लक्ष्य

सीएम योगी ने कहा कि सरकार चुन-चुनकर कार्रवाई नहीं कर सकती थी। इसलिए जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई और इसे सभी पर समान रूप से लागू किया गया। उन्होंने दोहराया कि अगर सरकार का अपना कोई व्यक्ति भी गलत करता है तो उसके खिलाफ भी वही कानून लागू होगा, जो किसी अपराधी या माफिया पर होता है।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने हमेशा कानून के दायरे में रहकर काम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कानून से नहीं डरता है तो उसे कानून के दायरे में लाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि कई लोग पूछते हैं कि पुलिस गोली क्यों चलाती है, लेकिन अगर पुलिस गोली नहीं चलाएगी तो क्या पुलिस गोली खाएगी। उन्होंने कहा कि अगर अपराधी के पास हथियार हैं तो पुलिस को भी उनका सामना करने के लिए हथियार दिए गए हैं।

UP को निवेश के लिए बेहतर राज्य बनाने का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ सालों में प्रदेश में बड़े सकारात्मक बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और कोई भी शांति भंग करने, अराजकता फैलाने या फिरौती की बात नहीं करता है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में दंगे, गड़बड़ी या जबरन वसूली जैसी स्थिति नहीं है और उत्तर प्रदेश खुद को एक बेहतर निवेश डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर चुका है।

 

Also Read: सहारनपुर: ड्यूटी के दौरान बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.