WhatsApp में आया नया फीचर, अब बिना सुने, पढ़ें वॉयस मैसेज
Sandesh Wahak Digital Desk: WhatsApp समय-समय पर अपने यूजर्स के लिए उपयोगी फीचर्स लाता रहता है। इसी कड़ी में अब प्लेटफॉर्म ने एक बेहद काम का फीचर Voice Message Transcripts लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अब वॉयस मैसेज सुने बिना ही उसे टेक्स्ट (लिखे हुए) में पढ़ सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर उन स्थितियों में बेहद उपयोगी है, जब आप शोरगुल वाली जगह पर हों, मीटिंग या क्लास में बैठे हों, आपके पास ईयरफोन न हो, या आप किसी ऐसे व्यक्ति से बातचीत कर रहे हों जिसे सुनने में दिक्कत होती है।
कैसे काम करता है यह फीचर?
WhatsApp की ओर से कहा गया है कि यह पूरी ट्रांसक्रिप्शन प्रक्रिया यूजर के डिवाइस पर ही होती है। इसका मतलब यह है कि वॉयस मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहता है, और न WhatsApp और न ही कोई तीसरा पक्ष आपके ऑडियो या ट्रांसक्रिप्ट को एक्सेस कर सकता है। यह फीचर Android और iOS दोनों पर उपलब्ध है।
Voice Message Transcripts फीचर वॉयस मैसेज में बोली गई बातों को टेक्स्ट में बदल देता है। जैसे ही आप वॉयस मैसेज ट्रांसक्राइब करते हैं, ऑडियो के ठीक नीचे उसकी लिखित सामग्री दिखाई देती है। इससे बिना ऑडियो सुने भी आप संदेश को आसानी से समझ सकते हैं।

कैसे ऑन और इस्तेमाल करें यह फीचर?
यह फीचर कई बार मैन्युअली ऑन करना पड़ता है। इसे ऑन करने और इस्तेमाल करने की प्रक्रिया इस तरह है…
1- WhatsApp खोलें और सेटिंग्स में जाएं
2- चैट्स विकल्प पर टैप करें
3- नीचे स्क्रॉल करें और Voice Message Transcripts को ऑन करें
4- अपनी पसंद की ट्रांसक्रिप्शन भाषा चुनें
5- किसी वॉयस मैसेज को लंबे समय तक दबाकर रखें (Long Press)
6- दिखने वाले मेन्यू में ट्रांसक्राइब विकल्प चुनें
7- कुछ ही सेकंड में मैसेज का टेक्स्ट नीचे दिखाई देने लगेगा
8- आप इस टेक्स्ट को एक्सपेंड या कोलैप्स भी कर सकते हैं
किन भाषाओं में उपलब्ध है यह फीचर?
दरअसल शुरुआत में यह फीचर सिर्फ इंग्लिश, स्पेनिश, पुर्तगाली और रूसी जैसी भाषाओं में उपलब्ध था। अब इसे धीरे-धीरे हिंदी सहित अन्य भाषाओं के लिए भी रोल आउट किया जा रहा है। यदि किसी वॉयस मैसेज में ट्रांसक्रिप्ट नहीं दिखता, तो संभव है कि उस भाषा का सपोर्ट अभी ना हो या बैकग्राउंड में ज्यादा शोर हो। iPhone यूजर्स के लिए iOS 16 और 17 में इस फीचर को और अधिक भाषाओं के लिए सपोर्ट करने की तैयारी की जा रही है।
माना जा रहा है कि, WhatsApp का यह नया फीचर यूजर्स के अनुभव को और आसान और सुविधाजनक बनाने वाला साबित हो सकता है। अब वॉयस मैसेज सुन पाने में असमर्थता और असुविधा कोई समस्या नहीं रहेगी, क्योंकि टेक्स्ट में मैसेज पढ़ना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो चुका है।
Also Read: IND vs SA: साउथ अफ्रीका की 314 रनों की बढ़त, गुवाहाटी टेस्ट में भारत की बढ़ीं मुश्किलें

