जब सीएम योगी ने संभाली हॉकी स्टिक, एक शॉट में किया गोल, पदक विजेताओं को दी प्रोत्साहन राशि

Sandesh Wahak Digital Desk: खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया और लखनऊ में राष्ट्रीय पदक विजेताओं को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने हॉकी स्टिक हाथ में ली और एक ही शॉट में गेंद को गोल तक पहुंचाकर सबको हैरान कर दिया।

राष्ट्रीय पदक विजेताओं का सम्मान

लखनऊ के पद्मश्री मो. शाहिद स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने नौ सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। उन्होंने पूर्व ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों का भी सम्मान किया। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी समाज के लिए एक हीरो होता है, जो अपने समर्पण से दूसरों को प्रेरणा देता है।

सीएम योगी ने कहा कि हर कमिश्नरी में एक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है, जहां विभिन्न खेलों के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ विकसित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व ओलंपियन और मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को कोच बनाया जाएगा ताकि वे नई प्रतिभाओं को निखार सकें। उन्होंने यह भी कहा कि हर गाँव में खेल का मैदान, हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर ज़िले में एक स्टेडियम बनाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हॉकी में कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं, जिनमें मेजर ध्यानचंद, के.डी. सिंह ‘बाबू’ और मोहम्मद शाहिद जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक में मेडल जीतने वाले ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल भी उत्तर प्रदेश की ही देन हैं।

ये खिलाड़ी और प्रशिक्षक हुए सम्मानित

इस कार्यक्रम में कई राष्ट्रीय पदक विजेता, ओलंपियन और प्रशिक्षक मौजूद रहे, जिनमें तैराकी, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, जिम्नास्टिक, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और तीरंदाजी के खिलाड़ी शामिल थे। इसके अलावा, मेजर ध्यानचंद के पुत्र देवेंद्र सिंह सहित कई ओलंपियन भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। सीएम योगी ने आजमगढ़, बस्ती, पीलीभीत, गोरखपुर, बांदा और मऊ में खेल से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।

Also Read: बीएसपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, मायावती ने भतीजे आकाश…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.