Amethi News: बेटी ने टोका तो उबलता पानी फेंक प्रेमी संग भागी 5 बच्चों की मां
Sandesh Wahak Digital Desk: यह खबर एक मां के उस फैसले की है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। अमेठी जिले के राघीपुर गांव में रहने वाली 40 वर्षीय तबस्सुम निशा, जो पांच बच्चों की मां है, अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। मगर उससे भी ज्यादा दिल दहला देने वाली बात ये है कि जाते समय जब उसकी सबसे बड़ी बेटी शबनम ने उसे रोकने की कोशिश की, तो मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी पर खौलता पानी फेंक दिया।
घटना 12 जून की रात करीब 2 बजे की है। गांव में मौजूद लोगों के मुताबिक, शबनम की चीखें सुन गांव वाले इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक तबस्सुम अपने प्रेमी के साथ भाग चुकी थी।
बेटी की हालत गंभीर, लखनऊ में चल रहा इलाज
झुलसी हुई शबनम को पहले असैदापुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे लखनऊ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस वक्त वह वहीं जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। शबनम के पिता शकील अहमद, जो रोज़गार के लिए दिल्ली में रहते हैं, घटना की सूचना मिलते ही गांव लौटे। उन्होंने बताया कि तबस्सुम अपना मोबाइल छोड़ गई थी, लेकिन बाद में किसी और फोन से कॉल कर उसने परिवार को धमकाया कि अगर कुछ किया तो वह जान से मरवा देगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश में जुटी है टीम
गौरीगंज के क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार के मुताबिक, पीड़िता के पिता की शिकायत पर तबस्सुम और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Also Read: Gonda News: बीस साल में अकूत संपत्ति का मालिक बन गया बेसिक शिक्षा के लेखा विभाग का लिपिक!

