कौन हैं ACS नुपुर बोरा, जिनके घर से 2 करोड़ का सोना और 92 लाख नकद बरामद हुआ?
Sandesh Wahak Digital Desk: असम की राजधानी गुवाहाटी में एक बड़ा भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। असम सिविल सेवा (ACS) की अधिकारी नुपुर बोरा को जमीन घोटाले के आरोप में हिरासत में लिया गया है। उनके घर पर छापेमारी के दौरान 2 करोड़ रुपये का सोना और 92 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
नुपुर बोरा पर आरोप है कि उन्होंने गैर-कानूनी तरीके से हिंदू परिवारों की जमीन मुसलमानों को दिलवाकर करोड़ों रुपये कमाए। राज्य की एक विशेष टीम इस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
36 वर्षीय नुपुर बोरा 2019 बैच की एसीएस अधिकारी हैं। उन्होंने कामरूप जिले में सर्किल ऑफिसर के पद पर काम किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी तैनाती के दौरान सरकारी, धार्मिक और हिंदू परिवारों की जमीनों को अवैध रूप से बेच दिया।
कृषक मुक्ति संग्राम समिति (KMSS) नाम के एक संगठन ने भी नुपुर बोरा के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि नुपुर बोरा दस्तावेजों में बदलाव करने के लिए 1,500 से 2 लाख रुपये तक लेती थीं। 6 साल की सरकारी नौकरी में आय से अधिक संपत्ति मिलने से उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति बनाई है। उन्होंने बताया कि नुपुर बोरा पिछले 6 महीनों से पुलिस की निगरानी में थीं। विजिलेंस सेल की पुलिस अधीक्षक रोजी कलिता ने बताया कि बरामद नकद और गहने सिर्फ शुरुआती जांच का हिस्सा हैं और आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Also Read: Lucknow News: हत्या की कोशिश के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी वजह

