कौन हैं स्विंग के ‘किंग’ हेनिल पटेल? U-19 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में झटके 5 विकेट
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय अंडर-19 टीम के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के पहले ही मुकाबले में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया।
अमेरिका अंडर-19 के खिलाफ खेले गए मैच में हेनिल ने घातक स्विंग गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और विपक्षी टीम को महज 107 रन पर समेट दिया। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत को जीत के लिए सिर्फ 108 रनों का आसान लक्ष्य मिला।
यूएसए अंडर-19 के खिलाफ हेनिल पटेल ने 7 ओवर की गेंदबाजी में केवल 16 रन खर्च किए और 5 अहम विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अमरिंदर गिल को आउट कर पारी की शुरुआत में ही भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद अर्जुन महेश, कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव, अमोग रेड्डी, सब्रीश प्रसाद और ऋषभ राज को पवेलियन भेजकर अमेरिकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

कौन हैं हेनिल पटेल?
हेनिल पटेल का जन्म 28 फरवरी 2007 को गुजरात के वलसाड में हुआ था। 18 वर्षीय हेनिल भारतीय अंडर-19 टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हैं। वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता और सटीक लाइन-लेंथ के लिए जाने जाते हैं, इसी वजह से उन्हें ‘स्विंग का किंग’ कहा जा रहा है।
पहले भी दिखा चुके हैं दम
हेनिल पटेल ने इससे पहले भी यूथ क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट की दोनों पारियों में उन्होंने कुल 6 विकेट झटके थे।
वहीं, इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में 4 विकेट लिए। अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 2 विकेट चटकाए थे, हालांकि वह मुकाबला भारत हार गया था। घरेलू क्रिकेट में हेनिल गुजरात अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं।
ग्रुप बी में भारत की स्थिति
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ग्रुप बी में शामिल है, जिसमें अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीमें भी हैं। भारत अपना अगला मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा, जबकि तीसरा लीग मैच 23 जनवरी को न्यूजीलैंड से होगा।
पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद हेनिल पटेल से टूर्नामेंट में भारतीय टीम को और भी बड़े योगदान की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
Also Read: वनडे सीरीज के बीच मोहम्मद सिराज को कप्तानी का तोहफा, टीम ने जताया भरोसा

